Himachal Pradesh

व्यवस्था परिवर्तन से आत्मनिर्भर बनेगा हिमाचल, कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में बोले CM सुक्खू

Spread the love

गुजरात में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में बोले मुख्यमंत्री सुक्ख

गुजरात के अहमदाबाद में हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल में चल रहे व्यवस्था परिवर्तन की बात कही। सीएम ने बताया कि किस तरह से कठिन हालातों के बावजूद हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनकी सरकार काम कर रही है और हिमाचल के भविष्य के लिए उनके पास क्या योजनाएं हैं। यहां किस तरह से सरकार ने अपनी गारंटियों को पूरा करने के लिए कदम उठाए हैं और आने वाले समय में क्या रोडमैप है, इस पर सीएम ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाना सरकार का लक्ष्य है, लेकिन इसमें कई तरह की कठिनाइयां हैं, जिनका सामना करके उनकी सरकार लगातार आगे बढ़ रही है। भाजपा के ऑपरेशन लोटस को हिमाचल में किस तरह से फेल किया गया, इसकी भी जानकारी सीएम ने वहां पर दी। बुधवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ, जिसमें हिमाचल प्रदेश से भी लगभग 25 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। यहां सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को अपनी बात रखने का अवसर मिला।

मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, कांग्रेस अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्रियों सहित 25 नेताओं ने इस अधिवेशन में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने अधिवेशन में राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि व्यवस्था परिवर्तन से हिमाचल को कैसे आत्म निर्भर राज्य बनाया जा रहा है। केंद्र के सहयोग के बिना राज्य सरकार अपने सीमित संसाधनों से विकास कार्यों को गति दे रही है। चुनावों में जो गारंटियां जनता को दी थीं, उन्हें कैसे पूरा किया गया। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों व योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया, जिसकी काफी सराहना भी इस अधिवेशन में हुई है।

इन नेताओं से मिले सीएम

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिवेशन के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल सहित कई अन्य नेताओं से भी मुलाकात की। अधिवेशन में हिमाचल के मॉडल को लेकर विस्तार से जो बातें सामने आई हैं, उन पर राष्ट्रीय स्तर पर भी कई बदलाव करने को लेकर प्रोत्साहित किया गया। राष्ट्रीय नेताओं ने सुक्खू सरकार को सभी गारंटियों को पूरा करने को कहा।

कांग्रेस शासित राज्यों से किया जा रहा भेदभाव

अहमदाबाद में आयोजित अधिवेशन में बताया गया कि किस तरह से केंद्र सरकार कांग्रेस शासित राज्यों के साथ भेदभाव कर रही है। वहां बताया गया कि प्रदेश में एक साल पहले कितनी बड़ी आपदा आई थी और इस आपदा के बाद केंद्र सरकार को 10 हजार करोड़ रुपए का मुआवजा देने की मांग उठाई, मगर अभी तक केंद्र ने कोई मदद नहीं की है। हिमाचल से केंद्र सरकार ने जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए। यहां बागबानों से सेब के आयात पर शुल्क को बढ़ाने का वादा किया गया था, जिसे पूरा नहीं किया गया और यह एक बड़ा मुद्दा हिमाचल में बना हुआ है। इस दौरान कहा कि हिमाचल सरकार अपने संसाधनों से प्रदेश के लोगों को राहत प्रदान कर रही है। आम जनता की मुश्किलों को दूर करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

आज दिल्ली आने के बाद हमीरपुर जाएंगे सीएम

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बुधवार को देर रात दिल्ली पहुंच सकते हैं या फिर गुरुवार सुबह तक दिल्ली आएंगे। उनका फिलहाल गुरुवार को दिल्ली में ही रुकने का कार्यक्रम हैं। सूत्रों के अनुसार दिल्ली में वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के गठन पर चर्चा संभव है। यहां से उनके हमीरपुर जाने का कार्यक्रम है। उसके बाद वह पांगी जाएंगे। उपमंडल पांगी किलाड़ में 15 अप्रैल को आयोजित किए जाने वाले राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। हालांकि मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से अभी फाइनल कार्यक्रम नहीं आया है, परंतु हिमाचल दिवस वहां पर मनाया जा रहा है।

ये नेता रहे अधिवेशन में शामिल

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर, रोहित ठाकुर, राजेश धर्माणी, अनिरुद्ध सिंह, आनंद शर्मा, विप्लव ठाकुर, कर्नल धनीराम शांडिल, कौल सिंह ठाकुर, चंद्र कुमार, कुलदीप कुमार, विनोद सुल्तानपुरी, रघुबीर सिंह बाली, आशा कुमारी, रामलाल ठाकुर, हर्ष वर्धन चौहान, विक्रमादित्य सिंह, रोहित ठाकुर, यादविंंद्र गोमा, अनुराग शर्मा, जैनब चंदेल, विपिन नेगी मौजूद रहे।