Himachal Pradesh

700 स्कूल प्राचार्यों को रेगुलर प्रोमोशन, 2022 और 2023 में प्लेसमेंट के आधार पर बने थे प्रिंसीपल

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

हिमाचल सरकार ने वर्ष 2022 और 2023 में प्लेसमेंट के जरिए सरकारी स्कूलों में प्रिंसीपल नियुक्त किए शिक्षकों को रेगुलर प्रोमोशन देने का रास्ता साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आदेश के बाद बुधवार को शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने इसके लिए विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक ली। वर्ष 2017 से 2021 तक के प्रिंसीपल पहले ही रेगुलर किया जा चुके हैं और अब इनका सिर्फ ऑर्डर निकालना बाकी है। ऑर्डर के लिए फाइल राज्य सरकार को भेजी गई है। यदि 700 प्रिंसीपलों की फाइल भी जल्दी चली गई, तो रेगुलर प्रोमोशन के ऑर्डर एक साथ हो सकते हैं। इस ऑर्डर में हालांकि यह देखना अभी बाकी होगा कि पिछले एरियर को लेकर राज्य सरकार ने क्या निर्णय लिया है।

इन स्कूल प्रिंसीपलों में से बहुत से अपना कार्यकाल पूरा कर रिटायर भी हो चुके हैं। दूसरी तरफ, बुधवार को शिक्षा सचिव की ओर से 61 स्कूल प्रिंसीपलों के ट्रांसफर आर्डर हुए थे और इन्हें बहुत से लोगों ने सोशल मीडिया पर भी शेयर कर लिया था। लेकिन शाम होते-होते इन आदेशों को शिक्षा विभाग ने वापस ले लिया। अब यह लिस्ट नए सिरे से जारी होगी। इससे पहले शिक्षा विभाग टीजीटी का युक्तिकरण कर चुका है और एक साथ 450 शिक्षकों के ऑर्डर हुए थे। अब प्रिंसीपल्स की लिस्ट बन रही है। इसके बाद स्कूल लेक्चरर की लिस्ट पर भी काम चल रहा है। इसके लिए कैबिनेट से हुए कम एनरोलमेंट वाले स्कूलों को बंद करने के फैसले को पहले लागू करने का इंतजार किया जा रहा है।