National

कांगड़ा बैंक को 121 करोड़ का प्रॉफिट, केसीसीबी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दी जानकारी

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (केसीसीबी) के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे बैंक को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मेहनत, समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करें। रविवार को कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक कर्मचारी यूनियन की ओर से आयोजित अभिनंदन एवं आभार समारोह में कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि अध्यक्ष के रूप में उनके लगभग सवा दो वर्ष के कार्यकाल में केसीसीबी ने नई बुलंदियों को छुआ है और आने वाले समय में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत एवं ईमानदारी के बल पर इसका नाम भारत के अग्रणी सहकारी बैंकों में शामिल करवाया जाएगा। कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि पिछले दो वर्षों के दौरान बैंक का लाभ 47 करोड़ से बढक़र 121 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।
इसी दौरान बैंक की कुल जमा राशि भी 13,354 करोड़ रुपए से बढक़र 14,840 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। बैंक के ऋण आबंटन की राशि भी 4163 करोड़ रुपए से बढक़र 4424 करोड़ रुपए हो गई है। इसी अवधि में बैंक के एनपीए में भी काफी सुधार हुआ है। दो वर्ष पहले बैंक का एनपीए 27.57 प्रतिशत था, जोकि अब 19.50 प्रतिशत रह गया है। नेट एनपीए भी 12.92 प्रतिशत से घटकर केवल 5.62 प्रतिशत रह गया है। इससे पहले, बैंक के डीजीएम केसी भारद्वाज, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष पंकज धीमान, महासचिव सुधीर गौतम और अन्य पदाधिकारियों ने कुलदीप सिंह पठानिया का स्वागत किया। समारोह में बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य देशराज, कैप्टन प्रीतम सिंह डढवाल, पवन लंबरदार, सुनील कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित है