जंगल टूरिज्म को विकसित करने की तैयारी, 77 इको टूरिज्म साइट्स निजी हाथों को सौंपेगी सरकार
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
प्रदेश की 77 इको टूरिज्म साइट्स आबंटित करेगी सरकार
वन विभाग ने आवेदन मांगे, वैबसाइट पर 5 मई तक कर सकेंगे आवेदन
बजट में की थी मुख्यमंत्री ने घोषणा, विभाग ने शुरू किया काम
हिमाचल प्रदेश में सरकार इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए काम में जुट गई है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अपने इस वित्त वर्ष के बजट में राज्य में 77 नई इको टूरिज्म साइट्स को निजी लोगों को देने का एलान किया है ताकि पर्यटक प्रदेश जंगलों तक पहुंचे। हिमाचल के प्राकृतिक सौंदर्य का असल मजा यहां के जंगलों में रहने का है और इसके लिए सरकार चाहती है कि ऐसी साइट्स डवलप हों जहां पर पर्यटकों को खूब आनंद मिले। इससे राज्य में एक नया पर्यटन विस्तार होगा। राज्य में ऐसे कई क्षेत्र हैं जहां पर टूरिस्ट घूमने के लिए आते हैं। पर्यटन मानचित्र में वो क्षेत्र शामिल हैं और लाखों लोग वहां आते हैं। मगर यहां के जंगलों में सुकून के कुछ पल बीताने की इच्छा रखने वालों के लिए कोई ज्यादा व्यवस्था नहीं है। पूर्व की सरकारों ने भी इस दिशा में प्रयास किए मगर ज्यादा सफलता नहीं मिल पाई। अब वर्तमान सरकार नई नीतियों के साथ इको टूरिज्म को विकसित करना चाहती है और वन विभाग ने इसपर काम शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार प्रदेश के वन विभाग ने राज्य में 77 इको टूरिज्म साइट्स डवलप करने के लिए लोगों से आवेदन मांग लिए हैं। बुधवार से इस प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। प्राइवेट कंपनियां व डेवलपर्स यहां इको टूरिज्म साइट्स ले सकते हैं। अब वन विभाग जल्द ही नई ईको-टूरिज्म साइट्स को चलाने के लिए टेंडर प्रक्रिया आरम्भ करेगा। इसके लिए मंगलवार से आवेदन का दौर शुरू हो गया है और 5 मई तक लोग आवेदन कर सकते हैं।
