Himachal Pradesh

पहलगाम आतंकी हमले के बाद हिमाचल अलर्ट, CM ने पुलिस अधिकारियों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश

Spread the love

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस अधिकारियों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश
पहलगाम आतंकी हमले के बाद हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती जिलों और पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के पुलिस अधिकारियों को अहम दिशा निर्देश जारी किए हैं। जम्मू के साथ लगते बॉर्डर एरिया में अलर्ट को लेकर सीएम ने कहा कि जब ऐसी घटनाएं घटती हैं, तो अलर्ट निश्चित तौर पर होता है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर के साथ लगती सीमाओं पर गतिविधियों को तेज करने को कहा है। सीएम के निर्देश के चलते हिमाचल प्रदेश पुलिस ने पूरे प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी है। विशेषकर सीमावर्ती जिलों चंबा और कांगड़ा में, जो जम्मू-कश्मीर से लगते हैं। इस हमले के आलोक में पर्यटन को बाधित करने की आशंका को देखते हुए सभी जिलों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी सतर्कता बढ़ाएं। इस बारे में पुलिस मुख्यालय की ओर से भी पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं, जिसमें सीमावर्ती चौकियों पर गश्त और तलाशी अभियान तेज करने, प्रवासी मजदूरों व अनजान व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी, पर्यटक स्थलों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों व धार्मिक स्थलों पर पुलिस की उपस्थिति बढ़ाने के लिए कहा गया है।
क्यूआरटी और एंटी-सैबोटाज दलों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात करने और जिला पुलिस अधीक्षकों को आपातकालीन योजनाओं की समीक्षा करें और सभी सुरक्षा बलों की तत्परता सुनिश्चित करने को कहा गया है।