Robotic Surgery: टांडा-चमियाना में सबसे पहले रोबोटिक सर्जरी, मुख्यमंत्री सुक्खू बोले
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
मुख्यमंत्री सुक्खू बोले, अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं पर 200 करोड़ रुपए खर्च करेगी सरकार
चमियाना अस्पताल और टीएमसी में सबसे पहले रोबोटिक सर्जरी शुरू की जाएगी। मेडिकल टेक्नोलॉजी पर प्रदेश सरकार ने इस वर्ष कम से कम 200 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रावधान किया है। यह बातें सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चमियाना स्थित अटल इंस्टीच्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी में आईपीडी की शुरुआत करने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहीं।
सीएम सुक्खू ने कहा कि काफी साल से सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना बन रहा था। अब हमारी सरकार ने इसको पूर्ण किया। इसके साथ जो कंस्ट्रक्शन है, उसको कंप्लीट करने के लिए भी हमने 23 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इस अस्पताल और दूसरे हॉस्पिटल्स में हम आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेंगे।
मेडिकल कालेजों को लेटेस्ट एमआरआई मशीनें
सीएम ने कहा कि चमियाना अस्पताल के लिए हमने लेटेस्ट एमआरआई मशीन भी स्वीकृत की है। इसके अलावा टांडा, नेरचौक और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए भी आधुनिक एमआरआई मशीनें स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने कहा कि नेरचौक में मेडिकल कॉलेज बन गया, लेकिन आज तक वहां एमआरआई की मशीन नहीं है। इसके साथ ही आईजीएमसी में जो एमआरआई की मशीन है, वह भी 19 साल पुरानी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जोनल और रिजनल हॉस्पिटल्स में भी मेडिकल टेक्नोलॉजी को अपग्रेड किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि हम मेडिकल क्षेत्र को वल्र्ड क्लास बनाएं। अभी शुरुआत है और इसमें थोड़ा समय लगेगा।
