Himachal Pradesh

शांता ने की सुक्खू-बाली की तारीफ, बोले, एचपीटीडीसी मुख्यालय कांगड़ा शिफ्ट होने से निखरेगा पर्यटन

Spread the love

विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल सरकार ने प्रदेश पर्यटन निगम के कार्यालय को शिमला से कांगड़ा जिला में लाने का निर्णय पर्यटन की दृष्टि से बहुत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने इसके लिए सीएम सुक्खू और पर्यटन निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली को बधाई दी है। सरकार ने कांगड़ा जिला को प्रदेश पर्यटन की राजधानी बनाने का निर्णय पहले ही किया था। कांगड़ा जिला में धौलाधार के साथ पर्यटन की इतनी आपार संभावनाएं हैं कि इस क्षेत्र को पूरे भारत के पर्यटन मानचित्र पर लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कारगिल के प्रथम शहीद कैप्टन सौरभ कालिया के नाम पर पालमपुर में स्थापित सौरभ वन विहार पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। अब एक करोड़ रुपए की लागत से टॉय ट्रेन शुरू हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि वह इसी महीने में टॉय ट्रेन का उद्घाटन करने के लिए स्वयं पालमपुर आएं। शांता कुमार इन दिनों निर्विवाद राय रख रहे हैं और प्रदेश सरकार की अच्छी योजनाओं की तारीफ कर रहे हैं।

वह सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की कई बार प्रशंसा कर हैं। इस बार आरएस बाली की तारीफ कर उन्होंने जता दिया कि किसी भी नेता की कांगड़ा की राजनीति में अहमियत कैसे बन सकती है। एचपीटीडीसी मुख्यालय जैसे ही कांगड़ा जिला में आएगा, जिला को पर्यटन राजधानी बनाने का श्री सुक्खू का सपना न केवल साकार होगा, बल्कि यहां के पर्यटन व्यवसाय को पंख लगेंगे। श्री बाली के बीओडी बैठक के बाद के ऐलान से जिला के पर्यटन व्यवसायी बहुत उत्साही हैं। उन्हें लग रहा है कि अब सचमुच ही सुक्खू सरकार कांगड़ा केंद्रित निर्णय लेकर यहां की तस्वीर बदल सकती है। उधर, आरएस बाली ने भी कहा कि शांता जैसे अति वरिष्ठ भाजपा नेता का सरकार को आशीर्वाद मिलना, प्रदेश सरकार की सफलता को दर्शा रहा है।