पाकिस्तान पर डिजिटल स्ट्राइक, भारत ने शहबाज शरीफ के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल को किया ब्लॉक
भारत ने दुश्मन देश के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल को किया ब्लॉक
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ पर डिजिटल स्ट्राइक करते हुए उनके आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल को भारत में ब्लॉक कर दिया है। भारत सरकार ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अलावा राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, मरयम नवाज, बिलावल भुट्टो समेत पाकिस्तान के कई नेताओं और मंत्रियों का भी इंस्टाग्राम भारत में बैन किया है। इससे पहले भारत सरकार ने पाकिस्तान के कई सेलिब्रिटी के सोशल मीडिया अकाउंट पर डिजिटल स्ट्राइक की थी, जिसमें कई क्रिकेटर भी शामिल हैं। भारत ने शुक्रवार को बाबर आजम, मोहम्मद आमिर, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी, मोहम्मद रिजवान, हैरिस रऊफ और इमाम उल हक का इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया था। यह कदम भारत सरकार की ओर से 17 प्रमुख पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगाने के बाद उठाया गया है। ये यू-ट्यूब चैनल भारत की सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भडक़ाऊ और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील कंटेंट के साथ-साथ झूठे और भ्रामक वीडियो भी दिखाते थे। उधर, पाकिस्तान के एफएम रेडियो केंद्रों ने भारतीय गानों का प्रसारण बंद कर दिया है। यह कदम पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर पाकिस्तान और भारत के बीच पैदा हुए तनाव के बीच उठाया गया है।
भारतीय गाने, विशेषकर लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और मुकेश जैसे महान गायकों के गाने पाकिस्तानियों के बीच लोकप्रिय हैं और इन्हें यहां एफएम रेडियो केंद्रों पर रोज बजाया जाता है।
