गाजा खाली कराने को ऑपरेशन जारी, तीन दिन में 250 मौतें
24 घंटे में हमास के 150 ठिकानों पर इजरायली हमला
इजरायली सेना ने हमास को हराने और अपने बंधकों की रिहाई के लिए गाजा में एक बड़ा मिलिट्री ऑपरेशन शुरू किया है। इस ऑपरेशन के तहत इजराइल ने बीते तीन दिन में गाजा पर कई बड़े हमले किए, जिसमें 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं सिर्फ बीते 24 घंटे में ही गाजा पट्टी में हमास के 150 से अधिक ठिकानों पर हमले किए गए। इजराइल का कहना है कि वह तब तक अपना अभियान जारी रखेगा, जब तक हमास खत्म नहीं हो जाता। इजरायल ने गाजा पर कंट्रोल के लिए पांच मई को ‘गिदोन चैरियट्स’ मिलिट्री ऑपरेशन की शुरुआत की थी। इजराइल ने मार्च, 2025 में गाजा के अंदर फूड और फ्यूल सप्लाई रोकने का फैसला किया था। इजरायली सरकार ने दावा किया था कि इससे हमास कमजोर होगा। अमरीका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन युद्धग्रस्त गाजा पट्टी से लगभग 10 लाख फिलिस्तीनियों को लीबिया में स्थायी रूप से स्थानांतरित करने की योजना पर काम कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, चर्चाओं की प्रत्यक्ष जानकारी रखने वाले दो व्यक्तियों और एक पूर्व अमरीकी अधिकारी ने कहा कि इस योजना पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है तथा अमरीका और लीबिया के नेतृत्व के बीच बातचीत पहले से ही चल रही है। रिपोर्ट के अनुसार फिलिस्तीनियों को फिर से बसाने के बदले में अमरीकी सरकार लीबिया को अरबों डॉलर की धनराशि जारी करेगी, जिसे एक दशक से भी ज्यादा समय पहले रोक दिया गया था।
पांच लाख लोगों पर भुखमरी का संकट
गाजा में बीते 19 महीनों से जारी जंग के बीच पांच लाख लोगों पर भुखमरी का संकट पैदा हो गया है। गाजा के हालात पर 12 मई को संयुक्त राष्ट्र ने एक रिपोर्ट पेश की थी।
