बैंकों में जमा सरकारी पैसे का खुद पता लगाएंगे मुख्यमंत्री, बैठक कल, सीएम ने बुलाए सभी अधिकारी
विभागों के पास पड़ी योजनाओं की अनस्पेंट मनी का मामला इन दिनों खूब चर्चा में है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ध्यान में ये मामला आया था जिसके बाद बिलासपुर में रेल लाइन के पैसे का विवाद शुरू हुआ। विधानसभा में भी इसे लेकर कुछ आंकड़े देकर सरकार ने खुलासा किया लेकिन इसके बाद एक मुहिम सरकार ने शुरू की ताकि पता चले कि ऐसी कितनी राशि है। इसे लेकर एक बड़ी बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री सुक्खू ने बुलाई है और इस बैठक में सचिवों के साथ दूसरे अधिकारी भी बुलाए गए हैं। इसमें खासतौर पर वित्त विभाग के अधिकारी होंगे क्योंकि उनके पास पूरी तस्वीर आ गई है। यह बैठक इसलिए अहम है क्योंकि यहां पता चलेगा कि किस विभाग के पास ऐसी कितनी अनस्पेंट मनी पड़ी है, जो किसी योजना के तहत खर्च करने को विभागों को दी गई मगर उन्होंने खर्च नहीं की। इस राशि को विभागों ने अपने बैंक खातों में डाल दिया।
अब वास्तविक स्थिति इसमें सामने आएगी क्योंकि काफी समय से विभाग इस काम में जुटे हैं और वित्त विभाग उनसे लगातार जानकारी ले रहा है। इस पर वित्त विभाग के अधिकारियों की कई विभागाध्यक्षों से बातचीत हो चुकी है। इसके बाद वित्त विभाग ने उन्हें निर्देश जारी किए थे कि वो इस तरह का पैसा विभिन्न बैंकों से निकालकर ट्रेजरी में जमा करे। -एचडीएम
दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे सीएम
सीएम ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्रालयों से हिमाचल की मदद के लिए अलग-अलग योजनाओं पर चर्चा करेंगे। इसके लिए भी सभी विभागों से उन्होंने मुख्य सचिव के माध्यम से जानकारी जुटाई है जिन मुद्दों को वह दिल्ली में जाकर उठाएंगे।
