Himachal Pradesh

बिना NOC लगे बिजली मीटर पर कॉमर्शियल चार्ज

Spread the love

हिमाचल विद्युत नियामक आयोग के आदेशों पर होगी कार्रवाई, नक्शा पास न करवाने वालों की जांच
हिमाचल प्रदेश के शहरी क्षेत्र में बिना एनओसी के लगाए गए घरेलू बिजली मीटर को अब कॉमर्शियल में बदल जाएग। हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के आदेशों के अनुसार शहरी क्षेत्र में इस तरह बिना नक्शा पास करवा लगाए गए बिजली मीटरों पर इस तरह की कार्रवाई की जाएगी। पूर्व सरकार के समय में बिजली नियामक आयोग के सामने यह मामला आया था जिस पर निर्णय लिया गया था कि इन घरेलू बिजली मीटर को कॉमर्शियल मीटर में परिवर्तित किया जाए। इसके बाद इस फैसले को लागू नहीं किया जा सका, परंतु अब एक बार फिर से नियामक आयोग ने इस मामले में निर्देश जारी किए हैं। बताया जाता है कि बिजली बोर्ड ने अपने सभी शहरी क्षेत्र के डिवीजनों में इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी कर ली है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों में ऐसे घरेलू बिजली मीटर का आंकड़ा छूता जा रहा है, जिनको लगाने के लिए नक्शा पास नहीं हुआ था यानी पहले भवन का नक्शा पास नहीं करवाया गया, लेकिन फिर भी बिजली के मीटर लगा दिए गए थे।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में बिजली बोर्ड लोगों की डिमांड पर बिजली के मीटर लगा देता था, लेकिन उसमें भवन का नक्शा पास करवाने के औपचारिकताएं नहीं रहती थी। ऐसे हजारों की संख्या में बिजली के मीटर लगे हुए हैं, जिन पर अब कार्रवाई की जाएगी और इन उपभोक्ताओं से बिजली का कॉमर्शियल चार्ज वसूल किया जाएगा। शहरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने अपने भवन का नक्शा पास किए बिना ही बिजली के मीटर लगवा रखे हैं।