नई कार्यकारिणी के गठन से पहले कार्यकर्ताओं की राय जानेगी कांग्रेस
सहप्रभारी विदित चौधरी शिमला जिला में ले रहे फीडबैक
प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति और कार्यकारिणी के गठन से पहले कांग्रेस हाइकमान वर्कर्ज की राय ले रही है। यही वजह है कि हाइकमान ने सहप्रभारी विदित चौधरी को यहां भेजा है, जो कि शिमला जिला के अलग-अलग ब्लॉक में जाकर वर्कर्ज से फीडबैक ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इन दिनों विदित चौधरी शिमला जिला में हैं और यहां उन्होंने सबसे पहले बैठक ठियोग ब्लॉक के वर्कर्ज से की है। 29 तारीख को वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ शिमला में बैठक करेंगे और इसके बाद वरिष्ठ नेता अजय माकन व रजनी पाटिल भी शामिल में होंगे। 30 को शिमला में जय हिंद सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसके साथ यहां संगठन को लेकर फीडबैक लेने का काम भी चल रहा है। इसी शुरुआत शिमला जिला से हुई है, जिसके बाद सह-प्रभारी दूसरे जिलों में भी जाएंगे। इसके लिए पार्टी के दूसरे सह-प्रभारियों या सचिवों की ड्यूटी लगेगी और सभी का फीडबैक हाइकमान को दिया जाएगा।
कांग्रेस एक तरफ सेना के साहस को सलाम करेगी, तो दूसरी तरफ अपनी सियासत को भी चमकाने की कोशिश करेगी। पार्टी के संगठन को लेकर भी यहां खूब सियासत होगी, क्योंकि यहां पार्टी का अध्यक्ष भी बदला जाना है और अध्यक्ष बदलने को लेकर कई तरह की अटकलें चल रही हैं। कांग्रेस के सभी धड़े इस वक्त यही कोशिश कर रहे हैं कि उनकी पसंद का अध्यक्ष बनाया जाए। क्योंकि जो अध्यक्ष अब बनेगा, वह अगले तीन साल तक रहेगा और उस तीन साल में यहां विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। इस वक्त अध्यक्ष बनने वाले पर बड़ी जिम्मेदारी होगी और उसका बड़ा महत्त्व भी होगा।
