कुल्लू-धर्मशाला में बनेगा ग्रीन बेल्ट एरिया, शिमला की तर्ज पर सुविधाएं
धर्माणी बोले, शिमला की तर्ज पर सुविधाएं, टीसीपी के नियमों में बार-बार नहीं किया जाएगा बदलाव
टीसीपी मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि शिमला की तरह कुल्लू और धर्मशाला में भी ग्रीन बेल्ट एरिया का डिवेलपमेंट प्लान बनाया जाएगा। टीसीपी मंत्री राजेश धर्माणी ने सोमवार को शिमला में प्रदेश सचिवालय में कहा कि टीसीपी के नियमों में बार-बार बदलाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे जिन लोगों ने नियमों के अनुसार निर्माण किया है, वे अपने-आप को ठगा सा महसूस करते हैं। श्री धर्माणी ने कहा कि तारा देवी का जो डिवेलपमेंट प्लान है, उसका उद्देश्य है कि तारा देवी क्षेत्र की ग्रीनरी बरकरार रहे और इसमें वृद्धि हो। अगर इसमें बहुत ज्यादा कंस्ट्रक्शन अलो करेंगे, तो यह कंकरीट का जंगल बनकर रह जाएगा। मंत्री ने कहा कि हिमाचल के बाहर के पर्यटक भी वहीं जाते हैं, जहां जंगल है, सुंदर पर्यावरण होता है। बिल्डिंग्स तो बड़े-बड़े शहरों में भी हंै। मंत्रिमंडल ने यह निर्णय लिया है कि यहां पर कोई कंस्ट्रक्शन नहीं की जाएगी। तारा देवी क्षेत्र में जो पुराने घर हैं, केवल उनकी मरम्मत करने के लिए और एडिशन करने के लिए परमिशन इस डिवेलपमेंट प्लान में है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हम रिजनल प्लान बना रहे हैं, जिसमें तीन जिले, जहां सबसे ज्यादा पर्यटक हैं, उनमें कुल्लू, शिमला और कांगड़ा शामिल है। जैसे-जैसे पैसे उपलब्ध होंगे, उसके आधार पर पूरे प्रदेश में डिवेलपमेंट प्लान बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय रहते इस बारे में कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य के लिए आपदाओं से अधिक नुकसान होने आशंका रहेगी। मनाली में पार्किंग की समस्या है और लंबे समय तक जाम लगता है।
