चंबा में भूकंप के झटके से ताश के पत्तों की तरह गिरा पुल, दस लोग घायल
चंबा में मॉक ड्रिल के दौरान युवक को रेसक्यू करती टीम
चंबा-साहो मार्ग पर स्थित साल खड्ड पर निर्मित पुल शुक्रवार सुबह 9:00 बजे भूकंप के जोरदार झटके से पलभर में ताश के पत्तों की तरह गिर गया। पुल से होकर गुजर रहे 10 लोग खड्ड में जा गिरे। भूकंप की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, पुलिस, गृह रक्षकों, एनसीसी कैडेट्स, एंबुलेंस और चिकित्सीय स्टाफ राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचा। एनडीआरएफ, गृहरक्षकों और एनसीसी कैडे्टस ने साल खड्ड में उतरकर घायलों को तलाशने का क्रम आरंभ किया। पुल से कुछ ही दूरी खड्ड के किनारे पड़े युवक का सिर खून से लथपथ था। टीम के जवानों ने युवक के पास पहुंचकर उसकी नब्ज टटोलने के बाद उसे सावधानी पूर्वक कंधों पर उठाकर पुल के किनारे पहुंचाया। यहां गृहरक्षकों और एनसीसी कैडे्टस ने घायल को उठाया और उसके खून को बंद करने के लिए दवाई लगा कर पट्टी की। स्ट्रेचर के जरिये घायल को उठाकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद घायल को एंबुलेंस से जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में पहुंचाया। यहां घायल को प्राथमिक उपचार देने के बाद दाखिल कर लिया गया। दिनभर अन्य घायलों को क्रमवार अस्पताल पहुंचाने का क्रम जारी रहा। भूकंप के झटकों से बग्गा बांध के समीप भारी भूस्खलन से हाईवे बाधित होने, भूरि सिंह संग्रहालय में आगजनी की घटना और राजकीय सहस्त्राब्दी बहुतकनीकी संस्थान में भी नुकसान हुआ।
