Himachal Pradesh

विशेष बच्चों के सपनों को मिले पंख, एक्सपोजर विजिट पर भेजे छात्र, पहली बार की हवाई यात्रा

Spread the love

एक्सपोजर विजिट पर भेजे छात्र; पहली बार हवाई यात्रा की, समग्र शिक्षा की ऐतिहासिक पहल
समग्र शिक्षा ने समावेशी शिक्षा को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक और सराहनीय पहल की है। पहली बार प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को देश की राजधानी दिल्ली और चंडीगढ़ की चार दिवसीय एक्सपोजर विजिट पर भेजा गया है। समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा के नेतृत्व में की गई इस पहल का उद्देश्य इन बच्चों को भारत की सांस्कृतिक और लोकतांत्रिक विरासत से परिचित कराना, उनमें आत्मविश्वास जागृत करना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩा है। यह यात्रा न केवल उनके लिए एक शिक्षण अनुभव है, बल्कि जीवन को नए दृष्टिकोण से देखने का एक अनमोल अवसर भी है। इस यात्रा के लिए 65 विशेष आवश्यकता वाले बच्चों सहित 110 सदस्यीय दल रविवार को शिमला से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुआ।
राजेश शर्मा की अगवाई में गए इस दल में समावेशी शिक्षा की राज्य समन्वयक प्रतिभा बाली, स्पेशल एजुकेटर व अधिकारी शामिल रहे। चंडीगढ़ पहुंचने पर बच्चों ने एक होटल में रात्रि विश्राम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसने सभी को अभिभूत कर दिया। सोमवार सुबह बच्चों ने सुखना झील की सैर की, बोटिंग का आनंद लिया। इस यात्रा की सबसे विशेष बात रही बच्चों की पहली हवाई यात्रा, जो उनके लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर एक अविस्मरणीय अनुभव बना। यह उड़ान केवल एक सफर नहीं थी, बल्कि एक सपने को छू लेने जैसा अनुभव था। समग्र शिक्षा ने इन बच्चों के उन सपनों को पंख दिए हैं, जिन्हें उन्होंने शायद केवल कल्पनाओं में ही देखा था।