chamba

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने चंबा में की प्रेस कांफ्रेंस

Spread the love

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने चंबा में प्रेस कांफ्रेंस कर जिले की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जयराम सरकार को घेरा। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि चंबा के मेडिकल कॉलेज में मरीजों को इलाज की सुविधा नहीं मिलती। मेडिकल कॉलेज मात्र रेफर अस्पताल बन गया है, जहां आने वाले मरीजों को शिमला या टांडा रेफर कर दिया जाता है। मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड मशीन तो है लेकिन गर्भवती महिलाओं को 2-2 महीने बाद की डेट दी जा रही, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। महिलाओं को टांडा रैफर किया जाता है, गर्भवती महिलाएं खस्ताहाल सड़कों में सफर करती हैं तो कितनी परेशानी होती होगी। मेडिकल कॉलेज में न तो अल्ट्रा साउंड होता है और न ही किसी भी प्रकार के टेस्ट होते हैं। कांग्रेस और भाजपा सरकार के समय चंबा की उपेक्षा हुई है। जो सुविधाएं जिले के लोगों को 50 साल पहले मिल जानी चाहिए थी, उनके लिए चंबा के लोग आज भी तरस रहे हैं। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि अगामी विधानसभा चुनावों में एक मौका आम आदमी पार्टी को दें, दिल्ली मॉडल पर चंबा के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि टलेरु वोटिंग पाइंट में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। सरकार ने यहां ठेकेदारी प्रथा लागू की है। आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर सभी जगह ठेकेदारी प्रथा बंद की जाएगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। चंबा के लोगों से वायदा है कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएं, ठेकेदारी प्रथा खत्म की जाएगी। आम आदमी पार्टी ने ठेकेदारी प्रथा के खिलाफ लंबे समय से कार्य किया है। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में एक ईमानदार पार्टी आई है। चंबा के लोग ईमानदार लोगों को चुने, जिससे प्रदेश में विकास होगा। सुरजीत ठाकुर ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा की सरकार ने जनता को कोई सुविधाएं नहीं दीं और प्रदेश को 70 हजार करोड़ के कर्ज में डुबा दिया। कांग्रेस व भाजपा राज में भ्रष्टाचार होता रहा है, जिससे प्रदेश कर्ज में डूबता रहा और जनता को कोई सुविधाएं नहीं मिलीं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर बिना कर्ज लिए जनता को दर्जनों सुविधाएं फ्री में दी जा रहीं है। जनता को फ्री सुविधाएं देने का फॉर्मूला मात्र केजरीवाल के पास है। ईमानदार सरकार ही बिना कर्ज लिए जनता को बेहतर सुविधाएं दे सकती है। दिल्ली में केजरीवाल ने जनता को फ्री सुविधाएं दीं, लेकिन दिल्ली सरकार पर कोई कर्ज नहीं है। ऐसा काम ईमानदार सरकार ही कर सकती है। चुनावों के समय भाजपा और कांग्रेस के नेता जनता को गुमराह करते हुए कई घोषणाएं कर रहे हैं। जनता से अपील है कि इनके झूठे वायदों में आने का समय नहीं है। इस बार आम आदमी पार्टी को एक मौका दें। सुरजीत ठाकुर चंबा जिले के घर घर तक केजरीवाल की 11 गारंटियों को पहुंचाने के लिए डोर टू डोर अभियान में जुटे हैं। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के लोगों को 11 गारंटी दी हैं। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर सभी गारंटियों को पूरा किया जाएगा। पता चला है कि चंबा के अंदर कॉलेज तो खोल दिए हैं लेकिन पढ़ाने के लिए प्रोफेसर ही नहीं है। वोट बटोरने के लिए कॉलेज खोल दिए है लेकिन पढ़ाई की सुविधा नहीं है। आम आदमी पार्टी ने पहली गारंटी शिक्षा की दी है। जिसमें प्रदेश के हर बच्चे को बेहतर और फ्री शिक्षा दी जाएगा। प्रदेश में अच्छे स्कूल भवन बनाए जाएंगे और शिक्षकों के सभी पदों को भरा जाएगा। स्कूलों में कार्यरत अस्थायी शिक्षकों को पक्का किया जाएगा। शिक्षकों से सिर्फ शिक्षा का काम कराया जाएगा। केजरीवाल ने दिल्ली में बच्चों की शिक्षा के लिए बेहतर प्रबंध किए हैं। हिमाचल में भी दिल्ली मॉडल पर शिक्षा व्यवस्था को लागू किया जाएगा। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि केजरीवाल ने महिलाओं को गारंटी दी है कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर 18 वर्ष से अधिक की महिलाओं को 1000 रुपए प्रतिमाह सम्मान राशि दी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अब आम आदमी पार्टी की नकल कर महिलाओं को 1500 प्रतिमाह देने की बात कर रही है। कांग्रेस ने पहले महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। चुनावों के समय झूठे वादे कर रहे हैं। सुरजीत ठाकुर ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने युवाओं को रोजगार की गारंटी दी है।