खड़ामुख सड़क हादसे में लापता कार चालक के नहीं लगा सुराग एनडीआरएफ ने बंद किया खोज अभियान …..
खड़ामुख बांध में कार सहित समाए चालक की तलाश में एनडीआरएफ द्वारा चलाया सर्च आप्रेशन मंगलवार दोपहर बाद बंद कर दिया है। जिसके चलते दुर्घटना में लापता सवार व वाहन को कुछ भी सुराग हाथ नहीं लग पाया है। मंगलवार सुबह से ही एनडीआरएफ की टीम बोट के जरिए खड़ामुख स्थित चमेरा चरण तीन के बांध में उतरी। साथ ही गोताखोरों ने भी बांध के भीतर जाकर सर्च आप्रेशन किया। बावजूद इसके सफलता हाथ नहीं लग पाई है। नतीजतन दो दिनों से खड़ामुख बांध और रावी नदी के किनारे चला सर्च आप्रेशन मंगलवार बाद दोपहर बंद कर दिया है। उधर, एडीएम भरमौर नरेंद्र कुमार चौहान ने कहा कि खड़ामुख में एनडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन बंद कर दिया गया है। तमाम कोशिशों के बावजूद टीम शव और वाहन का पता नहीं लगा सकी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों का सहयोग सराहनीय रहा और एनडीआरएफ की टीम ने भी अपनी ओर से भरपूर प्रयास किए हैं। बता दें कि रविवार सुबह होली मार्ग पर खड़ामुख के पास एक कार अनियंत्रित होकर चमेरा चरण तीन के बांध में जा गिरी थी। वाहन में चालक के अलावा और कितने सवार थे, इसकी स्टीक जानकारी किसी के पास नहीं है। लिहाजा दुर्घटनाग्रस्त वाहन और चालक की तलाश में जसूर से एनडीआरएफ की 27सदस्यीय घटनास्थल पर पहुंची थी। इस दौरान दो दिनों तक नदी किनारे और बांध में सर्च आप्रेशन चलाया गया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी है।
