चुराह:अनुमति खत्म, फिर भी वन भूमि से निकाली जा रहीं कसमल की जड़ें
ट्राइबल टुडे
चंबा।
वन मंडल चुराह में वन भूमि से अवैध रूप से कसमल की जड़ें निकालने का सिलसिला नहीं थम रहा है। निजी भूमि से परमिट के आधार पर भी कसमल निकालने की अनुमति वन विभाग ने 29 फरवरी को बंद कर दी है। अब सिर्फ ठेकेदार अपने स्टॉक को ही निकालकर ठिकाने तक पहुंचा सकते हैं। इसके लिए परमिट धारकों को वन विभाग ने 31 मार्च तक समय दिया है। कुछ लोग 29 फरवरी के बाद भी वन भूमि से अवैध रूप से कसमल की जड़ें निकाल रहे थे। इन लोगों को वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पकड़ा भी। करीब एक दर्जन लोगों को विभाग ने वन भूमि से अवैध रूप से कसमल जड़ें उखाड़ने को लेकर 60000 रुपये जुर्माना भी किया है, लेकिन कुछ लोग अभी भी नहीं मान रहे हैं। वन विभाग की आंखों में धूल झोंककर वन भूमि से कसमल की जड़ें निकाली जा रही हैं।
विभागीय अनुमति खत्म होने के बाद भी कुछ लोग वन भूमि से कसमल की जड़ें निकाल रहे हैं। इनमें कई परमिट धारक भी शामिल हैं। ये चोरी-छिपे कसमल की जड़ें निकालकर पुराने स्टॉक में जमा कर रहे हैं। स्थानीय लोग भी ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
वन खंड अधिकारी कैलाश कुमार ने बताया कि 29 फरवरी के बाद कसमल की जड़ें निकालने वाले एक दर्जन लोगों को पकड़कर वन विभाग ने 60000 रुपये जुर्माना लगाया है। अब कोई भी वन भूमि से तो क्या निजी भूमि से भी कसमल की जड़ों को नहीं निकाल सकता। ऐसा करने वालों के खिलाफ वन विभाग कड़ी कार्रवाई करेगा।
