भरमौर-पांगी के 300 गांव अंधेरे में, 23 सड़कें अभी भी बंद
ट्राइबल टुडे
चंबा।
जनजातीय क्षेत्र पांगी और भरमौर में अभी तक जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हो रही हैं। अधिकतर गांव बिजली और सड़क सुविधा से वंचित हैं। भरमौर और पांगी में अभी तक बिजली के 20 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हैं। इसके कारण 300 गांव अंधेरे में हैं। बर्फबारी से प्रभावित इन गांवों में रहने वाले लोगों के लिए जीवन यापन करना मुश्किल हो रहा है। कड़ाके की ठंड में ग्रामीण अपने घरों में रखे बिजली के उपकरणों का भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। रात को रोशनी करने के लिए दीया या मोमबत्ती जलानी पड़ रही है।
इसी तरह अभी तक 23 सड़कें बंद हैं। गांव में बीमार होने वाले मरीजों को पीठ या पालकी पर उठाकर बर्फ के रास्ते अस्पतालों तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। पांगी और भरमौर के अलावा जिला के अन्य गांव भी बिजली व सड़क से वंचित हैं। चंबा में बिजली के आठ ट्रांसफार्मर बंद हैं। डलहौजी में एक, तीसा में पांच, सलूणी में चार और भटियात में एक ट्रांसफार्मर बंद है। इसके अलावा सड़कों की स्थिति पांगी और भरमौर को छोड़ जिले के अन्य क्षेत्रों में बेहतर है। मात्र सलूणी में एक सड़क बंद है।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि बर्फबारी से बंद पड़ी सड़कों और बिजली के ट्रांसफार्मरों को बहाल करने के लिए संबंधित विभाग मुस्तैदी से कार्य कर रहे हैं।
