चंडीगढ़ से छुट्टी पर घर आ रहे भरमौर के व्यक्ति की खाई में गिरने से मौत हो गई, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
ट्राइबल टुडे न्यूज़
नौकरी से छुट्टी लेकर घर जा रहे व्यक्ति की गांव के रास्ते में पैर फिसलकर खाई में गिरने के बाद उपचार के दौरान टांडा मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय अमित कुमार पुत्र मंगत राम निवासी गांव घटोहर डाकघर उरेई तहसील भरमौर के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार अमित कुमार चंडीगढ़ स्थित कंपनी में नौकरी करता था। सात मार्च को अमित छुट्टी पर घर आ रहा था। अपने घर घटोहर जाते समय द्रोला नामक स्थान पर अचानक पैर फिसलकर खाई में जा गिरा। अमित को गिरता देख राहगीरों ने उसे उठाकर सड़क तक पहुंचाया। साथ ही परिजनों को भी सूचित किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे गाड़ी के जरिये मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दाखिल किया गया। अमित की हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया। यहां जख्मों का ताव न सहते हुए अमित ने दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने इसकी पुष्टि की है।
