Himachal PradeshPolitics

हिमाचल में सजने लगा अखाड़ा बस बजने को है नगाड़ा

Spread the love

ट्राइबल टुडे न्यूज़
हिमाचल में लोकसभा चुनाव के लिए दो मुख्य दलों भाजपा-कांग्रेस के अलावा राज्य निर्वाचन आयोग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश की चार सीटों के प्रत्याशियों को फाइनल करने की माथापच्ची जारी है
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच एक सियासी छिंज अभी रुकी नहीं है कि अब दूसरी महाछिंज (लोकसभा चुनाव)का नगाड़ा बजने वाला है। कांग्रेस में बगावत और इसे हवा देती भाजपा ने इस महाछिंज के अखाड़े को ही बदल दिया है। हालांकि अभी प्रमुख पहलवान (प्रत्याशी) तय नहीं हैं। यानी पहले से ही चल रही सरकार गिराने और बचाने की कशमकश के बीच भाजपा और कांग्रेस दोनों के ही उम्मीदवार अभी तय नहीं हो पाए हैं। पर दोनों दल कठोर कसरत कर रहे हैं। पिछले दो आम चुनाव में कांग्रेस को चारों खाने चित कर चुकी भाजपा हैट्रिक लगाने की हुंकार भर चुकी है।
सवा दो साल पहले उपचुनाव में कांग्रेस ने भाजपा से मंडी की सीट झटककर प्रतिभा सिंह को अकेला सांसद बनाया जरूर था, पर बदले माहौल में अंतर्कलह से जूझती कांग्रेस के पास चारों सीटों पर इसी दमखम को बनाए रखना पहाड़ जैसी चुनौती है। गृह राज्य होने के चलते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ प्रादेशिक नेताओं के लिए भी यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल है।