इंदौरा में खुलेगा डे-बोर्डिंग स्कूल, कालेज में समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया ऐलान
ट्राइबल टुडे न्यूज़
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल खोला जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कांगड़ा जिला में राजकीय महाविद्यालय इंदौरा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इंदौरा में उप पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय खोलने, मोकी (सुरडबां) में 33 केवी सब स्टेशन, डमटाल के पास पर्यटन होटल, कम्यूनिटी मॉल खोलने, इंदौरा में ऑडिटोरियम, इंडोर स्टेडियम का निर्माण करने, तीन पुलों सहित मोहटली-इंदौरा सडक़ की चौड़ाई बढ़ाने, डमटाल गौशाला में गौवर्धन इकाई स्थापित करने, कंदरोड़ी में कोल्ड स्टोर, एचआरटीसी वर्कशॉप, क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पठानकोट से ढांगू स्थानांतरित करने, इंदौरा में पशुपालन विभाग का उपमंडल कार्यालय खोलने, पठानकोट से चंडीगढ़ वाया डमटाल-इंदौरा-रे-कटियाड़-तलवाड़ा-अंब व ऊना होते हुए एचआरटीसी की नई बस सेवा आरंभ करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हगवाल और कंगरेरी अधिसूचित करने, पशु औषधालय डुग्घ-बाकशियां तहसील इंदौरा को पशु चिकित्सालय में स्तरोन्नत करने, चक्की खड्ड पर पुल बनाने डमटाल से माजरा, मोहटली खड्ड और सुरादवान से मलकाना पुल के निर्माण की भी घोषणा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 माह पूर्व जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, तो चर्चा शुरू हुई कि सुक्खू कभी मंत्री नहीं रहे, अब मुख्यमंत्री पद कैसे संभालेंगे, लेकिन मैंने आर्थिक चुनौतियों का सामना डटकर किया। सरकार के ईमानदार प्रयासों से 2200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ है। इससे महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने की घोषणा की गई है।
