Himachal PradeshPolitics

वोट के बदले नोट से बिक रहे लोग; शिमला में गरजे CM सुक्खू, कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस

Spread the love

ट्राइबल टुडे न्यूज़
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि वोट के बदले नोट से जो लोग बिकते हैं, वे लोकतंत्र की हत्या करते हैं। लोकतंत्र की हत्या को किसी भी रूप में सहन नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र बचाव को लेकर कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान सीएम ने कहा कि प्रदेश में चुनी हुई सरकार को गिराने की साजिश रची गई है। इस साजिश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को शिमला में मशाल जुलूस के दौरान मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने पांच साल पूरे करेगी। उन्होंने कहा कि पैसों के बदले बिकने वालों को प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मुख्यमंत्री के साथ थीं।
भारी संख्या में कांग्रेस समर्थकों ने रिज पर मशाल जुलूस निकाला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस जुलूस की अगवाई की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक षड्यंत्र के तहत प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयास केंद्र सरकार कर रही है, लेकिन प्रदेश के लोग कांग्रेस के साथ हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग यह सहन नहीं करेंगे कि लोकतंत्र की हत्या की जाए। जिस सरकार को लोगों ने पांच साल चलने का जनमत दिया है, उसे षड्यंत्र के माध्यम से गिराया नहीं जा सकता। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने सरकार और संगठन में एकजुटता का संदेश भी दिया। मशाल जुलूस में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और सेवादल के समेत अन्य संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र की ओर से राज्य सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है। अब लोकसभा चुनाव आने वाले हैं। ऐसे में प्रदेश के लोग खुद फैसला करेंगे कि वे किसके साथ हैं। उन्होंने कहा कि हाईकमान ने समन्वय समिति बनाई है। वह चाहती हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अनदेखी न की जाए। समन्वय समिति अपना काम करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।