नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने प्रदेश में चल रही राजनीतिक उथल पुथल के लिए मुख्यमंत्री को ठहराया जिम्मेदार।
ट्राइबल टुडे न्यूज़
शिमला:भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा की हिमाचल प्रदेश में सारी राजनीतिक उथल-पुथल के लिए सिर्फ़ और सिर्फ़ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ही दोषी हैं। इसलिए वह बीजेपी को दोष न दें। बहुमत खोने से वह विचलित हैं और बौखला गयें हैं। उनकी राजनीतिक नाकामी और अपने ही पार्टी के लोगों के साथ भेदभाव करने के कारण प्रदेश की यह स्थिति हुई है। आम आदमी से लेकर, कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी, विधायक मंत्री सब सुक्खू सरकार की कारगुज़ारियों के ख़िलाफ़ आवाज़ उठा रहे थे लेकिन मुख्यमंत्री अपने दरबारी राजनीतिक सिपाहियों से घिरे रहते थे और विधायकों को अपमानित करते विरोध की हर आवाज़ को अनसुना कर रहे थे। आज विधायक खुलेआम कह रहे है कि उनका छोटा से छोटा काम नहीं हो रहा था। उनकी फ़रियादें उनके सामने ही डस्टबिन में डाल दी जाती थी। मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश का होता है। इसलिए उसे अपने राजनीतिक विद्वेष से ऊपर उठकर काम करना चाहिए था। जयराम ने प्रदेश के अधिकारियों से निवेदन किया कि वह भी लक्ष्मण रेखा न लांघे। क़ानून के दायरे में अपना काम करें। इस सरकार के भविष्य के साथ अपना भविष्य न जोड़ें।
