कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्थापितों को मिलेगा पांच गुणा मुआवजा, अब आठ लाख की जगह 37 लाख रुपए देगी हिमाचल सरकार
ट्राइबल टुडे
कांगड़ा एयरपोर्ट विस्थापितों को प्रदेश सरकार बड़ी राहत देते हुए राहत एवं पुनर्वास में पांच गुणा मुआवजा दे रही है। राहत एवं पुनर्वास के तहत प्रभावितों को सात लाख 92 हजार रुपए दिए जाने थे, जिसके बजाए अब 37 लाख दिए जाएंगे। इतना ही नहीं, प्रभावित दुकानदारों को या तो सरकार दुकानें बना कर देगी या फिर नौ लाख 75 हजार रुपए देगी। यह राशि राहत एवं पुनर्वास राशि के रूप में दी जाएगी, जबकि प्रभावितों को उनकी जमीन, घर, पेड़ पौधों या अन्य वस्तुओं की राशि सरकार अलग से देगी।
राहत एवं पुनर्वास योजना के तहत एडीएम कांगड़ा हरीश गज्जू की योजना को डिविजन कमीशनर कांगड़ा ए शायनामोल ने अप्रूवल दे दी है। इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा प्रभावितों को आठ मरले भूमि घर बनाने के लिए भी दी जाएगी। आयुक्त, पुनर्वासन और पुनव्र्यवस्थापन एवं मंडलायुक्त, कांगड़ा मंडल एशायनामोल ने बताया कि जिला कांगड़ा स्थित गगल में कांगडा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण हेतु बनाई गई पुनर्वासन और पुनव्र्यवस्थापन योजना को अनुमोदित कर दिया गया है। इसमें तहसील कांगड़ा के 11 महाल व तहसील शाहपुर के 03 महालों की भूमि अर्जन हेतु प्रस्तावित थे। उन्होंने बताया कि पुनर्वासन के लिए प्रभावितों को बेहतर पैकेज दिया गया है। इस बाबत पुनर्वासन और पुनव्र्यवस्थापन योजना की प्रतियां संबंधित पंचायत, तहसील कांगड़ा, शाहपुर और उपमंडल अधिकारी कांगड़ा, उपमंडल अधिकारी शाहपुर के कार्यालयों और उपायुक्त कांगड़ा की अधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।
