Himachal PradeshPolitics

कांग्रेस की लिस्ट में भाजपा के बागी

Spread the love

जल्द घोषित होंगे प्रत्याशी; दो सीटों से बागियों, एक पर महिला उम्मीदवार की चर्चा
ट्राइबल टुडे

हिमाचल में छह सीटों पर उपचुनाव की तैयारी कर रही कांग्रेस जल्द ही उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। पार्टी ने इसके लिए जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण और ब्लॉक से नाम तय होने के बाद अब हाइकमान इन सभी सीटों पर टिकटों का फैसला करेगा। इस बार कांग्रेस भाजपा के बागियों समेत एक महिला उम्मीदवार को टिकट दे सकती है। लाहुल-स्पीति व बड़सर विधानसभा से ब्लॉक कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार चुनाव में उतारने की पैरवी की है।
गौरतलब है कि धर्मशाला, सुजानपुर, बड़सर, गगरेट, कुटलैहड़ और लाहुल-स्पीति में कांग्रेस से बगावत करने के बाद छह विधायकों को अयोग्य घोषित किया गया है। इन सीटों पर भाजपा ने कांग्रेस के बागी छह पूर्व विधायकों को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने उम्मीदवार तय नहीं किए हैं। कांग्रेस की टिकट के लिए कई नामों पर माथापच्ची चल रही है। इनमें भाजपा में बगावत करने वालों के नाम भी शामिल हैं। इनमें एक नाम लाहुल-स्पीति से पूर्व मंत्री रामलाल मार्कंडेय का भी है। हालांकि यहां ब्लॉक कांग्रेस ने कई दूसरे नाम भी हाइकमान को भेजा है, लेकिन कांग्रेस सिर्फ जीतने की क्षमता रखने वालों को ही टिकट देने की बात कह रही है।
लाहुल से मार्कंडेय-गगरेट से राकेश कालिया का नाम सुर्खियों में
लाहुल स्पीति से कांग्रेस की टिकट की दौड़ में रामलाल मार्कंडेय शामिल नजर आ रहे हैं, जबकि गगरेट से पूर्व विधायक राकेश कालिया का नाम भी चर्चा में है। राकेश कालिया ने टिकट कटने के बाद भाजपा का दामन थाम लिया था, लेकिन अब एक बार फिर वह सभी पद छोड़ चुके हैं और उनका नाम कांग्रेस की तरफ से टिकट की रेस में है।
सुजानपुर-धर्मशाला में चुनौती
सुजानपुर और धर्मशाला में कांग्रेस के लिए नाम तय करना चुनौती बना हुआ है। धर्मशाला में कई नामों पर मंथन चल रहा है, तो सुजानपुर में पार्टी के पास जिताऊ चेहरे की कमी साफ झलक रही है। उपचुनाव में बड़सर से महिला उम्मीदवार का नाम चर्चा में है तो कुटलैहड़ में पार्टी नया चेहरा देने के मूड़ में है।