जेओए 817 ही क्यों, क्लास थ्री की भर्ती वापस लें
राज्य सरकार की चिट्ठी पर हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने भेजा जवाब
ट्राइबल टुडे
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य सरकार के पत्र के जवाब में कहा है कि जूनियर ऑफिस असिस्टेंट पोस्ट कोड 817 ही क्यों? सरकार क्लास थ्री की सारी भर्तियां ही लोक सेवा आयोग से वापस ले ले। राज्य सरकार ने 13 मार्च, 2024 को कैबिनेट में हुए फैसले के बाद जेओए 817 का एग्जाम लोक सेवा आयोग से वापस लेने के लिए पत्र लिखा था, क्योंकि लोक सेवा आयोग ने पेपर लीक एफआईआर के मामले लेने से इनकार कर दिया था, इसीलए यह भर्ती परीक्षा अब राज्य चयन आयोग को दी जा रही है। इससे पहले वन विभाग फोरेस्ट गार्ड की भर्ती प्रक्रिया को लोक सेवा आयोग से वापस ले चुका था। लगातार दूसरा पत्र आने के बाद लोक सेवा आयोग ने अब सरकार से कहा है कि क्लास थ्री के सारे पद राज्य चयन आयोग से ही करवा लिए जाएं, क्योंकि राज्य चयन आयोग को सरकार ने फंक्शनल कर दिया है।
जहां तक जूनियर ऑफिस असिस्टेंट आईटी पोस्ट कोड 817 की बात है, तो अब कार्मिक विभाग नोटिफिकेशन ड्राफ्ट को स्क्रूटनी के लिए विधि विभाग को भेजेगा। विधि विभाग से वापस आने के बाद इसकी नोटिफिकेशन की जाएगी और इसकी एक प्रति राज्य चयन आयोग को दी जाएगी। इसके बाद ही राज्य चयन आयोग जूनियर ऑफिसर असिस्टेंट पोस्ट कोड 817 की भर्ती प्रक्रिया को शुरू कर सकता है और शुरुआत बची हुई डॉक्यूमेंटेशन की प्रक्रिया आरंभ करने से होगी। कैबिनेट में हुए फैसले के अनुसार इस भर्ती परीक्षा के लिए 1867 के बजाय अब 1860 पदों के लिए रिजल्ट निकाला जाएगा।
क्या कहते हैं कार्मिक विभाग के सचिव
कार्मिक विभाग के प्रधान सचिव डा. अमनदीप गर्ग का कहना है कि राज्य चयन आयोग को पूरी तरह बहाल करने को लेकर सोच-समझकर कदम उठाए जा रहे हैं। सारी क्लास थ्री की भर्तियां एकदम राज्य चयन आयोग को नहीं दी जा सकतीं, क्योंकि अभी सेटअप तैयार हो रहा है। लोक सेवा आयोग को सरकार ने पहले ही कुछ पोस्ट कोड भर्ती के लिए दे रखे हैं। उनकी प्रक्रिया लोक सेवा आयोग पूरा करेगा।
