फतेहपुर के बीएसएफ जवान की नागालैंड में मौत
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
जवाली। विधानसभा फतेहपुर की पंचायत गोलवां के सथेरा निवासी बीएसएफ के जवान हैड कांस्टेबल सुनील कुमार का नागालैंड में अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया जिससे इलाका में शोक की लहर दौड़ गई। सैनिक सुनील कुमार (41) पुत्र स्व.भान सिंह वर्ष 2002 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। जवान सुनील कुमार की ह्रदय गति रुकने से हुई अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हैड कांस्टेबल सुनील कुमार बीते कुछ महीने पहले ही बेटे को चोट लगने की वजह से छुट्टी लेकर घर आए थे और इलाज उपरांत फिर से ड्यूटी ज्वाइन कर ली थी। सैनिक अपने पीछे 10 वर्षीय बेटा आकर्ष, 5 वर्षीय बेटा समन्यु, पत्नी सुनीता कुमारी व माता पवन कौर छोड़ गए हैं। जवान सुनील कुमार की पत्नी सुनीता कुमारी अपने पति की अचानक मौत से बेहद सदमे में है, वहीं माता पवन कौर का भी रो-रो कर बुरा हाल है। हैड कांस्टेबल सुनील कुमार की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव सथेरा में शनिवार को पहुंचने की संभावना है।
