मंडी में लागू करेंगे शिमला ग्रामीण का विकास मॉडल
विक्रमादित्य बोले, जीत के बाद सबके सहयोग से करवाएंगे संसदीय क्षेत्र का विकास
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
लोक निर्माण मंत्री एवं मंडी से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जीत के बाद मंडी संसदीय क्षेत्र में भी शिमला ग्रामीण के विकास मॉडल को लागू किया जाएगा। पूरे देश में मंडी संसदीय क्षेत्र और हिमाचल का डंका बजे, इस सोच से आगे बढऩे की जरूरत है। वह शिमला संसदीय सीट की बैठक के लिए पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात कर रहे थे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्होंने लोकसभा चुनाव के टिकट के लिए आवेदन नहीं किया था, क्योंकि शिमला ग्रामीण की जनता ने और सरकार में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है। पार्टी ने उन्हें मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लडऩे की जिम्मेदारी दी है और उन पर विश्वास जताया है, तो वह मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लडऩे का निर्णय लिया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अब वह मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, तो उनका विजन मंडी संसदीय क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश के लिए है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जब से वह राजनीति में आए हैं उन्होंने हिमाचल के हितों का सर्वश्रेष्ठ रखा है।
इसके लिए सरकार में रहते हुए उन्होंने सबसे तालमेल बनाकर फिर पक्ष हो या विपक्ष, केंद्र सरकार सबके साथ मिलकर हिमाचल को विकास कार्यों में आगे ले जाने में योगदान दिया है। केंद्र से सहयोग बनाकर डेढ़ साल में हिमाचल में 3600 करोड़ सडक़ों के नवीनीकरण का कार्य किया है, जिसके टेंडर हो चुके हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने जब धारा 370 को हटाया गया, तो उन्होंने विपक्ष में रहते हुए इसका समर्थन किया। राम मंदिर के निर्माण के बाद हिमाचल से एक मात्र नेता थे, जिन्हें 22 जनवरी को राम मंदिर में जाने का सौभागय मिला। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि देश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। केंद्र के पास ओपीएस का 9000 करोड़ पड़ा है। जीएसटी को लेकर भी बात उठाएंगे। पूर्व सैनिकों की बात भी रखेंगे।
