Himachal Pradesh

परौर में रुक सकते हैं आपके कदम, पुलिस और सेवादारों ने कसी कमर

Spread the love

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,

ट्रैफिक व्यवस्था से निपटने को पुलिस और सेवादारों ने कसी कमर
सुलाह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत परौर स्थित राधा स्वामी सत्संग परिसर में दो दिवसीय होने वाले सत्संग के चलते प्रदेश सहित अन्य राज्यों से लाखों की संख्या में संगत महाराज के दर्शनों के लिए यहां पहुंच गई है। ऐसे में शनिवार को छोटे समागम का आयोजन किया जाएगा और वाहन चालकों को यातायात के लिए दर्जनों मुश्किलें भी खड़ी होंगी। सत्संग के दौरान सबसे बड़ी समस्या यातायात व्यवस्था की होती है, जिस कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शनिवार को निजी स्कूलों में इस रूट से आने वाले बच्चों को छुट्टी दे दी गई है। रविवार को बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों महाराज खुली जीप में सवार होकर संगत को दर्शन देकर निहाल करेंगे। साथ ही बाबा जी के पाठी भी अपने प्रवचनों से संगतों को निहाल करेंगे। इसके अलावा शनिवार को कार्यक्रम के तहत नाम दान लेने वाले लोगों का पंजीकरण किया जाएगा।
ऐसे में इस महामेले को लेकर भक्तों के रहने, खाने-पीने, पार्किंग व ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर तमाम व्यवस्थाएं सेवादारों व प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं। बता दें कि सत्संग में कानून व यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस के करीब 150 से अधिक जवान तैनात किए हैं। इसमें कुछ पुलिस जवान सिविल में भी तैनात किए हैं। सत्संग परिसर से लेकर उसके आसपास के जगहों में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। साथ ही लोगों के आने जाने के लिए परिवहन निगम सहित निजी बसें सत्संग के लिए चला दी गई है, ताकि यात्रियों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके अलावा जलशक्ति विभाग ने भी सत्संग को लेकर पूरी तैयारी की है।