Himachal Pradesh

Accident: दो सडक़ हादसों में छह की गई जान

Spread the love

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे

बंजार में गहरी खाई में लुढक़ गया टिप्पर, तीन लोगों की मौत

जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत चनोन्न के गोशाला कैंची में एक सीमेंट व सरिया से लदे टिप्पर 100 मीटर गहरी ढांक में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल है। घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू को रैफर किया गया है। मठियाना की ओर जा रहा यह टिप्पर (एचपी-65-9529) गोशाला कैंची के तंग मोड़ पर हादसे का शिकार हुआ। टिप्पर के गिरने की आवाज सुनने पर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और घायलों को गहरी ढांक से निकालने का कार्य शुरू किया। वहीं, ग्रामीणों द्वारा बंजार पुलिस सहित 108 को हादसे की सूचना दी गई। घायलों को 108 की माध्यम से बंजार अस्पताल लाया गया। इस हादसे में एक महिला की हादसास्थल पर ही मौत हो गई व एक व्यक्ति की बंजार अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि चालक ने क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाते समय दम तोड़ दिया।

हादसे में 50 वर्षीय जोगी राम 50 पुत्र नसरू गांव धारा डाकघर चनौन, बंजार, 28 वर्षीय किरना देवी पत्नी केहर सिंह गांव जमाड़ीधार, बंजार और चालक 48 वर्षीय आही चंद पुत्र परसू राम गांव धारा डाकघर चैहणी, बंजार की मौत हो गई है। हादसे में चार वर्षीय गायत्री देवी पुत्री केहर सिंह गांव जमाड़ीधार घायल है। हादसे की सूचना मिलते ही बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी, एसडीएम बंजार पंकज शर्मा सहित अन्य बंजार अस्पताल पहुंचे व घायलों का हाल जाना। उधर, एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने बताया कि हादसे में मृतकों के परिवार को 20-20 हजार व हादसे में घायलों को पांच हजार की राशि दी गई है। हादसे के कारणों की जांच में बंजार पुलिस जुट गई है । वही शवों को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। डीएसपी बंजार शेर सिंह ठाकुर ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

टौंस नदी में गिरी पिकअप, नेरवा चौपाल के तीन लोगों ने गंवाई जान

पांवटा साहिब के साथ लगते उत्तराखंड में एक पिकअप के टौंस नदी में गिरने से शिमला जिला के नेरवाऔर चौपाल क्षेत्र के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नेरवा के चार लोग एक पिकअप (एचपी-08ए 5397) में सवार होकर उत्तराखंड के विकासनगर से नेरवा की तरफ आ रहे थे। इस दौरान रविवार रात करीब नौ बजे छिबरो पावर हाउस से करीब एक किलोमीटर पहले धमोग के समीप चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और यह टोंस नदी के किनारे लुढक़कर एक पेड़ से फंस गई। हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड के कालसी थाना से पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने शवों और घायलों को नदी से बाहर निकाला।

रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात 12 बजे तक चलता रहा। ृतकों की पहचान प्रांजल पुत्र लायक राम निवासी गांव बटेवड़ी, तहसील नेरवा, रोहित धोबटा पुत्र स्व.विपन कुमार धोबटा निवासी गांव रावतन, चौपाल व नेपाली मूल के रामू पुत्र नरिया गांव शिरडी, चौपाल के रूप में हुई है। हादसे में सुचित पुत्र स्व. काना सिंह भिखटा घायल हुआ है । विकासनगर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए गए हैं। थाना प्रभारी कलसी वैभव गुप्ता ने हादसे की पुष्टि की है। उधर, तीन युवकों की मौत के बाद पूरे नेरवा और चौपाल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।