लोकसभा ही नहीं, उपचुनाव की छह सीटें भी चाहिए
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
बिलासपुर के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में बोले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
बिलासपुर पहुंचकर पन्ना प्रमुखों को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस बार 400 पार के नारे को बुलंद करते हुए इंडी गठबंधन पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप जड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विचार शून्य पार्टी बनकर रह गई है। यह पार्टी रामविरोधी है, सनातन विरोधी और राष्ट्रविरोधी है। कांग्रेस के पास बोलने के लिए कोई भी विषय नहीं है। धार्मिक आधार पर आरक्षण देने की बात कर रहे राहुल गांधी संविधान की पुस्तक लेकर घूम रहे हैं, लेकिन खुद कभी नहीं पढ़ते। धर्म के नाम पर बांटने का काम करने वालों को क्या जनता को वोट देगी?
उन्होंने मंच से उपस्थित कार्यकर्ताओं व पन्ना प्रमुखों से अपील की कि हिमाचल प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें ही नहीं, बल्कि उपचुनाव की छह सीटें भी मुझे चाहिए। बुधवार को लुहणू स्थित हॉकी ग्राउंड में आयोजित बिलासपुर जिला के पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे जेपी नड्डा ने विकसित भारत के संकल्प को समझाते हुए नरेंद्र मोदी की इस बार हैट्रिक बनाने में योगदान देने का आह्वान करते हुए शायराना अंदाज में कहा ‘उजाले का मजा लेना है, तो अंधेरे को पहचानो और पूर्णमासी का मजा लेना है, तो अमावस्या को पहचानो…’। इस दौरान नड्डा ने जनता के समक्ष भारत के विकास की तस्वीर सामने रखी।
याद रखें, मेरा निशाना कहीं और भी है
नड्डा ने पन्ना प्रमुखों से गुरुवार से शुरू हो रहे घर घर संपर्क अभियान के तहत घर घर पहुंचकर माताओं व बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने का आह्वान किया। पन्ना प्रमुखों को छह से सात घर कवर करने होंगे।
