कर्नाटक में गिर सकती है कांग्रेस की सरकार
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
बंगलुरु। महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बाद अब एक और सरकार पर संकट के बादल छाने वाले हैं। यह दावा है कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक का। उन्होंने कहा कि कर्नाटक राज्य की कांग्रेस सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है और सरकार कभी भी गिर सकती है। श्री अशोक के अनुसार राज्य सरकार का पतन होने की मुख्य कारण कांग्रेस पार्टी का आंतरिक असंतोष है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख नेता ने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारें गिराना वास्तव में संभव है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों के कथित तौर पर भाजपा के संपर्क में होने की अटकलें हैं। उन्होंने राजनीतिक निष्ठाओं में संभावित बदलाव की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पतन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। विपक्ष के नेता ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ कई आरोप लगाए, जिनमें उपमुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) अध्यक्ष डीके शिवकुमार के दावे भी शामिल हैं कि सरकार का भविष्य लोकसभा चुनाव के नतीजे पर निर्भर करेगा। इस दौरान उन्होंने विकास निधि की कमी, सूखा राहत राशि वितरण और विभिन्न क्षेत्रों के अतिदेय भुगतान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को हल करने में सरकार की विफलता का उल्लेख किया। इसके अलावा श्री अशोक ने आंगनबाडिय़ों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर चिंता जताई और सरकार की आवश्यक सेवाओं, जैसे एंबुलेंस चालकों को वेतन देर से दिए जाने को लेकर भी राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने सरकार पर हाशिए पर रहने वाले समुदायों के लाभ के लिए आवंटित धन को वापस लेकर उनके कल्याण की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
