विधानसभा अध्यक्ष के बुलाने पर नहीं पहुंचे निर्दलीय विधायक, अब मामले में होगी अंतिम सुनवाई
प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के बुलाने पर भी तीनों निर्दलीय विधायक नहीं पहुंचे।
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के बुलाने पर भी तीनों निर्दलीय विधायक नहीं पहुंचे। इस पर उनके खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई करने की याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी। इस पर पठानिया ने कहा कि अब यह मामला अंतिम सुनवाई और आदेश के लिए लगेगा। इसकी तिथि मई अंत या जून के शुरू में तय हो जाएगी। राज्य विधानसभा परिसर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में पठानिया ने कहा कि तीनों निर्दलीय विधायकों ने 22 मार्च को इस्तीफा दिया। 23 मार्च को भाजपा ज्वाइन कर ली। इससे पहले 22 मार्च को विधायक उनसे मिले और उससे पहले दाे बजे उन्होंने सचिव से मुलाकात की। यह उनका विशेषाधिकार है कि अगर उन्होंने स्वैच्छिक रूप से इस्तीफे दिए हैं तो भी वह इसकी जांच करें।
छह कांग्रेस विधायकों और तीन निर्दलियों ने राज्यसभा सदस्य के पद के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान किया। उनका व्यवहार ऐसा दिखा रहा था कि वह किसी न किसी प्रलोभन में हैं और किसी दबाव में हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जांच करना जायज था। जो परीक्षण यहां किया, उसमें उन्होंने यह स्वीकार भी किया कि उन्होंने इस्तीफा मंजूर होने से पहले भाजपा को ज्वाइन किया है। वहीं, हाईकोर्ट में उनके इस्तीफों पर दोनों न्यायाधीशों ने भी माना है कि इसे स्वीकृत करना या रद्द करना स्पीकर का अधिकार है। अब यह मामला तीसरे न्यायाधीश को रेफर हुआ है। सुनवाई के दौरान दोनों पार्टियां हाजिर नहीं हैं। इसलिए इस महीने के अंत या जून के पहले सप्ताह में इस संबंध में अंतिम सुनवाई और निर्णय होगा।
