Education

सीबीएसई12वीं में 87.98,10वीं में 93.60 फीसदी छात्र पास

Spread the love

संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,

दोनों कक्षाओं में लडक़ों से आगे निकलीं लड़कियां, पिछले साल से रिजल्ट में सुधार, त्रिवेंद्रम फिर सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला रीजन

सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने सोमवार को एक घंटे के अंतराल में 12वीं और 10वीं कक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया। 10वीं कक्षा में कुल 22,38,827 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 20,95,467 पास हुए हैं। पास प्रतिशत 93.60 फीसदी रहा है, जो पिछले साल से 0.48 प्रतिशत ज्यादा है। 10वीं में लड़कियों का रिजल्ट 94.75 फीसदी, जबकि लडक़ों का रिजल्ट 92.72 फीसदी रहा है। उधर, इस बार 12वीं में 87.98 फीसदी स्टूडेंट पास हुए हैं। पिछले साल की तुलना में पास प्रतिशत 0.65 फीसदी बढ़ा है। लडक़ों की तुलना में लड़कियों का पासिंग पर्संटेज 6.40 फीसदी ज्यादा है।

इस बार 91 फीसदी से ज्यादा लड़कियां पास हुई हैं। कक्षा 12 के रिजल्ट में 99.91 फीसदी के साथ त्रिवेंद्रम एक बार फिर सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला रीजन बना है। वहीं प्रयागराज का रिजल्ट 78.25 के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा है। वहीं, 10वीं क्लास में भी त्रिवेंद्रम रीजन का रिजल्ट 99.75 फीसदी रिजल्ट के साथ बेस्ट रहा है। सबसे खराब रिजल्ट गुवाहाटी रीजन का 77.94 फीसदी है। दिल्ली में 12वीं का रिजल्ट 94.97 फीसदी रहा है।

इस बार भी न मेरिट लिस्ट आई, न टॉपर का नाम

पिछले साल की तरह इस बार भी बोर्ड एग्जाम का रिजल्ट जारी होने के बाद कोई मेरिट लिस्ट रिलीज नहीं की गई है। बोर्ड से जुड़े एक सीनियर ऑफिसर ने कहा कि कि स्टूडेंट्स के बीच अनहेल्दी कंपीटिशन न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने मेरिट लिस्ट न जारी करने का फैसला लिया था। इस साल भी बोर्ड एग्जाम के बाद मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाएगी। किसी टॉपर का नाम भी अनाउंस नहीं किया जाएगा।

हिमाचल का रिजल्ट राष्ट्रीय औसत से बेहतर

शिमला। हिमाचल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं की परीक्षा का रिजल्ट 97.33 फीसदी रहा है। परीक्षा में लड़कियोंं ने एक बार फिर लडक़ों से बाजी मारी है। हिमाचल से दसवीं की परीक्षा में 9344 लडक़ों में से 9035 पास हुए। इनका पास प्रतिशत 96.69 रहा, जबकि 7413 लड़कियों में से 7263 लड़कियां पास हुईं। इनका पास प्रतिशत 97.98 रहा। वहीं 12वीं कक्षा में हिमाचल का रिजल्ट 94.68 फीसदी रहा है। हिमाचल से इस परीक्षा में 5715 लडक़ों में से 5315 पास हुए। इनका पास प्रतिशत 92.95 रहा। जबकि 4815 लड़कियों में से 4642 लड़कियां पास हुईं। इनका पास प्रतिशत 96.41 रहा। हिमाचल में दोनों कक्षाओं का रिजल्ट देश के ओवरआल रिजल्ट से बेहतर रहा है। सीबीएसई के 12वीं बोर्ड के एग्जाम में डीएवी न्यू शिमला का दबदबा रहा है। इसमें कला संकाय में देविका केंथला ने 98.2 फीसदी अंक ग्रहण कर पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही विज्ञान संकाय की आकर्षित ,आलोक सुधा ने 98 फीसदी अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही विज्ञान संकाय की ही मन्नत चौहान ने 96.4 फीसदी अंक प्राप्त का तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्कूल के प्रिंसीपल राकेश चंदेल ने सभी छात्रों अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं।