आचार संहिता में टैंक से कनेक्शन देने पर उखड़े ग्रामीण
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे ,
उपमंडल बड़सर के अंतर्गत बुनहाणी, चलसाई और अंबोटा गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को जल शक्ति विभाग कार्यालय में नियमों को ताक पर रखकर दिए गए कनेक्शन बारे शिकायत पत्र सौंपा। ग्रामीण मदन शर्मा, बालक राम, कमल देव, रामदास शर्मा, अरुण राम, तरसेम लाल, दीनानाथ आदि ने कहा कि जल शक्ति विभाग की ओर से तीनों गांव के लिए बनाए गए पेयजल टैंक से पंचायत के दो-तीन घरों को अनुचित तरीके से पाइपलाइन कनेक्शन दे दिया गया है।
गनीमत यह है कि कुछ दिन पहले ही यह कनेक्शन दिए गए हैं और आचार संहिता का भी उल्लंघन हुआ है, जिससे उन्हें काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि तीनों गांव में पेयजल की सप्लाई तीसरे दिन आती है, लेकिन कुछ दिन पहले हमारे लिए बनाए गए टैंक से नए अतिरिक्त पेयजल कनेक्शन दे दिये गये है। जिससे तीन गांव को सुचारू पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि जिन गांवों के लिए यह पेयजल टैंक बनाया है उन्हीं के लोग पानी के लिए इधर उधर भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को नया कनेक्शन दिया गया है उसने अन्य जगहों से भी पेयजल आपूर्ति के लिए कनेक्शन लिया हुआ है। ऐसे में एक और स्थान से पेयजल कनेक्शन मिलना विभागीय कार्य प्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है। उन्होंने जल शक्ति विभाग से समस्या का समाधान करने की मांग की है। इस बारे में जल शक्ति विभाग के एसडीओ शशि कांत ने कहा कि मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े।
