हिमाचल में वोट मांगने आएंगे मोदी-शाह
18 को जेपी नड्डा; 19 को आएंगे अमित शाह, 25 के बाद दो दिन लगाएंगे पीएम,
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे — शिमला,
हिमाचल में चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य बड़े नेताओं का शेड्यूल लगभग तय हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी 25 मई को वाराणसी में अपने इलेक्शन के बाद हिमाचल में दो दिन आएंगे। हालांकि पार्टी ने उन्हें कांगड़ा, मंडी और शिमला या सोलन में तीन सीटों पर रैली के लिए बुलाया है। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 18 मई को कांगड़ा, चंबा और अर्की में एक ही दिन तीन रैलियां करेंगे। इसके बाद 19 मई को जुब्बल कोटखाई में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा संभावित है। हिमाचल में 23 मई के बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी स्मृति ईरानी के दौरे भी होंगे और अभी सबसे ज्यादा डिमांड यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की है। भाजपा की कोशिश है कि कम से कम चार जिलों में सीएम योगी की रैलियां करवाई जाएं।
गौर हो कि हिमाचल में नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई है और अब छंटनी के बाद सभी राजनीतिक दलों का फोकस पूरी तरह से चुनाव प्रचार पर है। मंडी में कंगना रणौत को टिकट देकर भाजपा ने नया प्रयोग किया है। दूसरी तरफ कांग्रेस की ओर से विक्रमादित्य सिंह की उम्मीदवारी के बाद इस सीट पर पीएम मोदी के आने का सबको इंतजार है। बताया जा रहा है कि तीन संसदीय क्षेत्रों में से जहां प्रधानमंत्री की रैली नहीं हो पाएगी, वहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह या केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
की रैली करवाई जाएगी। फॉर्मूला यह है कि प्रधानमंत्री की दो रैलियां हों और अन्य केंद्रीय नेता कम से कम तीन रैलियां जरूर करें।
22 को कुल्लू में नितिन गडकरी की रैली
कुल्लू। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की 22 मई को कुल्लू में रैली प्रस्तावित है। इसकी तैयारियों को लेकर अटल सदन परिसर कुल्लू में जिला भाजपा अध्यक्ष अरविंद चंदेल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में 22 मई को कुल्लू कर रथ मैदान में होने वाली रैली को लेकर पूर्व मंत्री एवं मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी गोविंद ठाकुर के सुझावों के बीच विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया। गोविंद ठाकुर ने बताया कि इस रैली में कुल्लू, बंजार व कुल्लू भाजपा मंडल से 15 हजार कार्यकर्ता भाग लेंगे। लोगोंं की संख्या की दृष्टि से तीनों मंडल अध्यक्षों को प्रमुख जिम्मेदारी सौंपी गई है।
