केजरीवाल की जमानत पर शांता कुमार ने दिया बयान, मिले ऐसे जवाब
दिल्ली के मुख्यमंत्री की जमानत पर दिग्गज भाजपा नेता शांता कुमार ने जताई थी हैरानगी, अग्रणी मीडिया हाउस के सर्वे में जनता ने खारिज की पूर्व सीएम की आपत्ति
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे,
हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है। वह 51 दिन से जेल में बंद थे। केजरीवाल 21 दिन चुनाव प्रचार करेंगे, उसके बाद दो जून को उन्हें सरेंडर करना होगा। केजरीवाल को जमानत मिलने पर हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिग्गज भाजपा नेता शांता कुमार ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने बाकायदा मीडिया में बयान जारी करके इसपर हैरानी जताई थी। लोकसभा चुनावों के दौर में शांता कुमार के इस बयान पर हर कहीं तीखी डिबेट के बीच ‘दिव्य हिमाचल’ ने अपने साप्ताहिक सर्वे में इससे संबंधित सवाल पूछा था। सवाल इस प्रकार था।
‘केजरीवाल की जमानत पर शांता कुमार की आपत्ति को आप सही मानते हैं’? दिव्य हिमाचल के इस सर्वे में हिस्सा लेने वाले 58 प्रतिशत पाठकों-दर्शकों ने शांता कुमार के बयान को सिरे से खारिज करते हुए केजरीवाल की जमानत को सही ठहराया है। हालांकि 38 प्रतिशत लोग शांता कुमार के समर्थन में दिखे। हजारों लोगों पर रीच बनाने वाले इस सवाल में चार फीसदी लोगों ने ‘पता नहीं’ कहकर सवाल के किनारा कर लिया। सर्वे में कुल 3213 लोगों ने अपना पक्ष रखा। यूट्यूब पर सबसे ज्यादा 2600 लोगों ने रिएक्ट किया, तो फेसबुक और दिव्य हिमाचल की लोकप्रिय न्यूज वेबसाइट पर भी सैकड़ों लोगों ने राय दी। कुल मिलाकर शांता कुमार की आपत्ति को खारिज करके ज्यादातर लोग दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर प्यार लुटाते नजर आए।
