भरमौर उप मंडल की ग्राम पंचायत पूलन में शुक्रवार तड़के एक मकान में आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हुआ
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
भरमौर उप मंडल की ग्राम पंचायत पूलन में शुक्रवार तड़के एक मकान में आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आरंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट आग लगने की वजह बताई जा रही है। फिलहाल जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।
स्थानीय पंचायत के स्वयं सेवी अंग्रेज कपूर ने बताया कि शुक्रवार तड़के पूलन गांव के जैसी पुत्र दर्जी के मकान में आग लग गई। इससे भीतर चल रही उन पिंजाई मशीन, छोटी आरा मशीन और आटा चक्की तथा रखा सारा समान जल गया। ग्राम पंचायत पूलन की प्रधान अनीता कपूर ने घटना की सूचना उपमंडलीय प्रशासन को दी। जिस पर तहसीलदार भरमौर तेज सिंह ने अपनी टीम सहित मौके का दौरा किया और नुक्सान का जायजा लिया है। पीड़ित को प्रशासन ने 15हजार की राशि फौरी राहत के तौर पर दी है। उधर, पंचायत प्रधान अनीता कपूर और स्वयं सेवी अंग्रेज कपूर ने प्रशासन से पीड़ित को हुए नुक्सान की भरपाई करने की मांग की है।
