दहकते जंगल-उजड़ती दुनिया: जान की दुश्मन बनी जंगल की आग, हिमाचल में एक और मौत
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
भीषण गर्मी के बीच हिमाचल में जंगल की आग अब जानलेवा साबित हो रही है। धू-धू कर जल रहे जंगल वन संपदा के बाद इनसान को निगल रहे हैं। दो दिन पहले ही जहां हमीरपुर के बड़सर में दम घुटने से महिला की मौत हो गई थी, वहीं अब बिलासपुर के अंतर्गत जंगल की आग एक और जान लील गई है। अब यह घटना स्वारघाट क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायती री के गांव मोड़ू में हुई है। यहां पर जंगल की आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बच्चन सिंह (64) गांव मोड़ू के तौर पर हुई है
प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 20 हजार रुपए की राशि भी मुहैया करवाई है। मामले को लेकर आगामी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। बता दें कि हिमाचल में 1 हजार से ज्यादा जंगलों में पिछले कुछ दिनों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। शिमला से लेकर कांगड़ा, कुल्लू से लेकर ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में हर जगह आग की लपटें तांडव कर रही हैं। इस धुए में लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है। करोड़ों की वन सपंदा जलकर राख हो गई है। कई जगह सरकारी संपति को नुकसान पहुंचा है, वहीं रिहायशी इलाकों में आग पहुंचने से लोग सहमे हुए हैं। कई जगह आग ने लोगों से उनकी जिंदगी छीन ली है और हजारों बेजुवान बेमौत मारे गए हैं।
अब सवाल यह उठता है कि उन बेजुवानों की मौत का जिम्मेदार कौन है…बढ़ती गर्मी, कुछ लोगों की लापरवाही या फिर सिस्टम की फेलियर। बहरहाल, चुनावी समर में व्यस्त सरकार को अब धधकते जंगलों की भी सुध लेनी होगी, नहीं तो हरा-भरे हिमाचल को राख के ढेर में बदलने में देर नहीं लगेगी।
