चम्बा के खजियार मे मामूली कहासुनी पर युवक पर चढ़ा दी कार
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
चंबा-खजियार मार्ग पर चार युवकों ने मिलकर दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
चंबा- खजियार मार्ग पर मामूली कहासुनी पर गुस्साए तीन-चार युवकों ने मिलकर एक स्थानीय युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी। मारपीट के बाद घायल युवक पर गुस्साए आरोपियों ने कार चढ़ा दी। घायल युवक का मेडिकल कालेज चंबा में उपचार चल रहा है। मारपीट की यह घटना मियाड़ीगला में वन विभाग की चेक पोस्ट के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। शनिवार को मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। इसी बीच पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार गत देर रात मियाडीगला में कुछेक पैसों की हार जीत को लेकर मैहला के बंदला क्षेत्र के युवकों व स्थानीय युवक में कहासुनी हो गई, जोकि बाद में मारपीट में बदल गई। हालांकि इस दौरान बीच-बचाव करते हुए युवक भी हमलावर के साथ उलझ पड़ा।
इसी बीच कार में सवार अन्य युवक भी बाहर निकल आए। इन सभी ने मिलकर युवक की निर्ममता से पिटाई कर दी। मारपीट के बाद सडक़ पर बेसुध हालत में पड़े घायल युवक पर आरोपियों ने कार का टायर चढ़ा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हडक़ंप मच गया है। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मारपीट के आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
