Himachal PradeshPolitics

संकल्प पूरा, भाजपा विधायक ने 22 दिन बाद कटवाई दाड़ी

Spread the love

इंद्र सिंह गांधी ने लिया था प्रण; कंगना हारी, तो नहीं कटवाऊंगा दाड़ी
बल्ह से 9742; उपचुनाव में 956, विधानसभा में 1307 की लीड

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
राजनीति में चुनाव के समय हार जीत लेकर अकसर कई तरह के दावे और शर्त लगती रहती हैं, जिसमें लोग कई तरह के दावे करते हैं। इस बार मंडी संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी की हार जीत को लेकर ऐसी ही शर्त लगी थी। इस बार बल्ह से भाजपा के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कंगना रणौत की जीत की शर्त लगाते हुए संकल्प लिया था कि जब तक चुनाव परिणाम नहीं आ जाएंगे, वह अपने दाड़ी नहीं कटवाएंगे और कंगना रणौत चुनाव हार जाती हैं, तो वह जीवन भर अपने दाड़ी नहीं कटवाएंगे। चार जून को कंगना रणौत की जीत के बाद पांच जून बुधवार को इंद्र सिंह गांधी ने अपने संकल्प को पूरा करते हुए 22 दिनों बाद दाड़ी कटवाई। इंद्र सिंह गांधी ने 14 मई को कंगना रणौत की नामाकंन रैली के दौरान इस बात का संकल्प लिया था, जिसके बाद उनके संकल्प की खूब चर्चा भी हुई थी। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं और भाजपा के बड़े नेताओं के समक्ष कंगना की जीत और अपने संकल्प की चर्चा भी की थी, जिसके बाद इंद्र सिंह गांधी कंगना के लिए चुनाव प्रचार में भी डटे रहे।
लोकसभा के उपचुनाव में बल्ह विधानसभा से भाजपा को 956 मतों की बढ़त मिली थी, जबकि विधानसभा का अपना चुनाव भी इंद्र सिंह गांधी कड़ी टक्कर के बाद मात्र 1307 वोटों से जीते थे। इस बार बल्ह से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणौत को 9742 मतों की बढ़त मिली है। बल्ह से कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने भी पूरा जोर लगाया हुआ था, लेकिन इंद्र सिंह गांधी ने इस बार 9742 मतों की लीड देकर पार्टी का एहसान चुकता कर दिया है।