हमीरपुर-देहरा ब्लॉक कांग्रेस की सभी समितियां भंग, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने जारी किए निर्देश
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जारी किए निर्देश, लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद एक्शन
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार का असर दिखना शुरू हो गया है। कांग्रेस ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में दो ब्लॉक की सभी कमेटियों को भंग कर दिया है। इनमें से एक कमेटी कांगड़ा, जबकि दूसरी हमीरपुर जिला में भंग की गई है। कांग्रेस ने नतीजे आने के बाद हाइकमान को दोनों कमेटियों के भंग करने के संबंध में प्रस्ताव भेजे थे। इन पर प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मुहर लगा दी है। तत्काल प्रभाव से हमीरपुर और देहरा ब्लॉक को भंग किया गया है। गौरतलब है कि इन दोनों ब्लॉक में आगामी दिनों में विधानसभा के उपचुनाव भी होने हैं। 2022 में दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों से निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीते थे, लेकिन उनकी सदस्यता अब समाप्त हो चुकी है। कांग्रेस यहां नई कमेटी गठित कर अब विधानसभा उपचुनाव की भी तैयारी करेगी। लोकसभा चुनाव के परिणाम पर नजर डालें, तो देहरा विधानसभा क्षेत्र से 54 हजार 966 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इसमें से भाजपा को 34 हजार 779 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को 19422 ही वोट मिल पाए।
भाजपा को देहरा में 15 हजार 357 वोट की बढ़त मिली थ्रहीै। ऐसा ही हाल हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में भी हुआ है। यहां भाजपा को 34 हजार 519 तो कांग्रेस को 18 हजार 940 वोट मिले। भाजपा को यहां 15,579 वोट की बढ़त मिली है। इन दोनों सीटों पर निर्दलीय जीत दर्ज करने वाले होशियार सिंह और आशीष शर्मा नालागढ़ के पूर्व विधायक केएल ठाकुर के साथ ही इस्तीफा सौंप चुके हैं। इन तीनों सीटों पर लोकसभा चुनाव में बंपर वोटिंग भाजपा के पक्ष में हुई है
