प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जल शक्ति विभाग करेगा करोड़ों के काम
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
बजट में सरकार ने खोला खजाना, 15 शहरों में नई जलापूर्ति योजनाएं
जल शक्ति विभाग के तहत करोड़ों रुपए की स्कीमें शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के लिए घोषित की गई हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने इन योजनाओं के लिए करोड़ों रुपए का प्रावधान रखा है। कई शहरों में नई जलापूर्ति योजनाओं के साथ सीवरेज स्कीमों का ऐलान किया गया है। चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रदेश के ठंडे क्षेत्रों में एंटी फ्रीज और शीतकालीन जलापूर्ति योजनाओं के तहत जिला लाहुल-स्पीति के लिए 27 करोड़ रुपए की लागत से 20 वाटर सप्लाई स्कीमें और किन्नौर जिला में 72 करोड़ रुपए की लागत से छह जलापूर्ति योजनाओं का कार्य आरंभ किया जाएगा। इस वर्ष नादौन, भोरंज, अमलेहड़ और हरोली में चार जलापूर्ति स्कीमें और बद्दी के लिए एक सीवरेज स्कीम का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि 298 करोड़ 87 लाख की अनुमानित लागत से 17 नगरों मंडी, ठियोग, राजगढ़, चंबा, हमीरपुर, सुन्नी, रामपुर, डलहौजी, अंब, भुंतर, नाहन, जवाली, बैजनाथ, अर्की, निरमंड, पालमपुर और जोगिंद्रनगर में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। इनमें से 11 नगरों में कार्य प्रगति पर है तथा शेष नगरों में कार्य वित्त वर्ष 2025-2026 के दौरान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 2025-2026 में ही नौ अन्य नगरों भुंतर, नाहन, जवाली, अर्की, निरमंड, जोगिंद्रनगर, शाहपुर, भटियात और करसोग में कुल 167 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल योजनाओं का निर्माण शुरू किया जाएगा।
43 करोड़ से ड्रिंकिंग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट
जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी, स्वां, परागपुर व देहरा में आगामी वित्त वर्ष के दौरान 43 करोड़ रुपए की लागत से ड्रिंकिंग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जाएंगे।
