500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगी सरकार, CM बोले, डीजल बसों को बदलने का काम शुरू
विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे
हिमाचल प्रदेश में अगले वित्त वर्ष में 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। यह ऐलान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने बजट भाषण में किया है। इससे पहले सरकार 327 बसों की खरीद को लेकर प्रक्रिया चला रही है। सोमवार को अपने बजट में मुख्यमंत्री ने कहा कि सडक़ यातायात प्रदेश में यातायात का मुख्य साधन है। दूरदराज के इलाकों में भी बस सेवा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार कृत संकल्प है। लोगों को स्वच्छ एवं ग्रीन ट्रांसपोर्ट सेवाएं प्रदान कराने की दिशा में सरकार द्वारा डीजल बसों को ई-बसों में बदलने की प्रक्रिया जारी है। प्रक्रियाधीन ई-बसों की खरीद के अतिरिक्त 2025-26 में 500 और ई-बसें खरीदी जाएंगी। साथ ही चार्जिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर की जरूरतों को पूरा करने के लिए चार्जिंग ई-स्टेशन विकसित किए हैं तथा विभिन्न स्थानों पर इन्हें बनाने की प्रक्रिया जारी है।
शिमला में गाडिय़ों की ऑनलाइन पासिंग
परिवहन निगम द्वारा शिमला में ऑनलाइन पास सुविधा शुरू कर दी है तथा इसे प्रदेश के अन्य स्थानों में शुरू करने हेतु सॉफ्टवेयर तैयार कर शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। भविष्य में सभी स्थानों पर ऑनलाइन पास बनाए जाएंगे।
भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे ट्रैक का काम जोरों पर
प्रदेश में भानुपल्ली-बिलासपुर तथा बद्दी-चडीगढ़ रेल लाइनों का कार्य जोरों पर है। भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन की कुल लागत दस हजार करोड़ रुपए है, जिसमें से भू-अधिग्रहण की लागत 1200 करोड़ से अधिक है। केंद्र द्वारा केवल 52 करोड़ रुपए प्रदान किए गए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा रेल प्रोजेक्ट पर अब तक कुल 848 करोड़ रुपए की राशि दी जा चुकी है।
