मिंजर मेला…सीएम, गवर्नर को भजेंगे ‘न्यूंदर
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बैठक में मेले को लेकर दिए निर्देश, कलाकारों को दी जाने वाली धनराशि को बढ़ाने के लिए आयोजन समिति को जारी किए आदेश
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को बचत भवन में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला 2024 के सफल आयोजन को लेकर आयोजित बैठक में दिशा-निर्देश दिए। कुलदीप सिंह पठानिया ने साथ ही निर्देश दिए कि मिंजर मेला के अंतरराष्ट्रीय स्तर और समस्त जिलावासियों की रूचि के अनुरूप ही सांस्कृतिक संध्याओं का प्रारूप तैयार करने के साथ स्टार कलाकारों का चयन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिला की समृद्ध लोक-कला एवं संस्कृति को अधिमान देते हुए उत्कृष्ट प्रतिभावान स्थानीय कलाकारों के चयन में विशेष प्राथमिकता रखी जाए। उन्होंने साथ ही स्थानीय कलाकारों को दी जाने वाली धनराशि को बढ़ाने के लिए निर्देश भी मेला आयोजन समिति को दिए। शुभारंभ अवसर पर महामहिम राज्यपाल और समापन मौके पर मुख्यमंत्री को बतौर मुख्यातिथि आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मेले को चंबा जिला की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा बताते हुए कहा कि इस बार मिंजर मेला सांस्कृतिक समावेश की परिकल्पना पर आधारित होगा। इसके वैभव व स्वरूप को और अधिक बढ़ाया जाएगा। मेले के भव्य आयोजन को लेकर राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
बैठक के दौरान सदर विधायक नीरज नैयर ने कहा कि मेले के सफल आयोजन को लेकर सभी प्रबंध व्यवस्थाओं और गतिविधियों को बेहतर बनाया जाएगा। चूंकि चंबा का ऐतिहासिक चौगान जिला की एक प्रमुख धरोहर है। ऐसे में मेले के पश्चात चौगान के उचित रखरखाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
