chambaHimachal Pradesh

चंबा: रविवार को दुकानें खुली रखने पर बीस दुकानदारों के काटे चालान

Spread the love

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,

चंबा। शॉप एक्ट की अवहेलना करना चंबा शहर के दुकानदारों को उस समय महंगा पड़ गया, जब श्रम विभाग की टीम रविवार को बाजार में खुली दुकानों का चालान काटने पहुंच गई।

इस दौरान 20 दुकानें खुली हुईं मिली। रविवार को बाजार बंद रहता है। सप्ताह में एक दिन दुकान बंद रखने का प्रावधान है। चंबा बाजार के दुकानदार सप्ताह के सात दिन ही दुकानें खोल रहे हैं। यह शॉप एक्ट का उल्लंघन है। इसके चलते रविवार को श्रम विभाग की टीम ने 20 दुकानदारों के चालान काटे। यह चालान अदालत में पेश किए जाएंगे।

अदालत में ही दुकानदारों के जुर्माने पर फैसला दिया जाएगा। 1000 से 5000 रुपये तक दुकानदार को जुर्माना भरना पड़ सकता है। रविवार को बाजार में दुकानें खुली रखने को लेकर श्रम विभाग के पास काफी समय से शिकायतें पहुंच रही थीं। इसके चलते रविवार को श्रम निरीक्षक अपनी टीम के साथ बाजार का औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंच गए। उन्होंने बीस दुकानदारों के चालान काटे। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी कि वे भविष्य में रविवार को अपनी दुकानें न खोलें। अन्यथा, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उधर, श्रम निरीक्षक ऋषभ चौधरी ने कहा कि शॉप एक्ट के तहत दुकानों को सप्ताह में एक दिन बंद रखना अनिवार्य है, लेकिन चंबा में दुकानदार इसकी अवहेलना कर रहे थे। इसको लेकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है।