Himachal Assembly By-Election: होशियार, आशीष और केएल को भाजपा से टिकट देने का समर्थन
संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे,
देहरा से होशियार सिंह, हमीरपुर से आशीष शर्मा और नालागढ़ से केएल ठाकुर को भाजपा से टिकट देने के लिए भाजपा विधायक दल ने समर्थन किया है।
भाजपा विधायक दल ने तीनों पूर्व निर्दलीय विधायकों देहरा से होशियार सिंह, हमीरपुर से आशीष शर्मा और नालागढ़ से केएल ठाकुर को टिकट देने का समर्थन किया है। विधायक पद से इस्तीफा देने वाले तीनों निर्दलियों के नाम बुधवार को पार्टी के शिमला स्थित प्रदेश कार्यालय में प्रस्तावित कोर ग्रुप की बैठक के लिए अनुमोदित किए गए हैं। तीनों सीटों पर 10 जुलाई को चुनाव होने हैं और 13 को परिणाम घोषित होगा।
भाजपा विधायक दल की मंगलवार को विलीज पार्क शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान तीनों पूर्व निर्दलीय विधायकों को टिकट देने का समर्थन करते हुए उनके नाम कोर ग्रुप में चर्चा के लिए भेजने का निर्णय हुआ। अब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बिंदल की अध्यक्षता में बुधवार को कोर ग्रुप की होने वाली बैठक में इन नामों का अनुमोदन होगा। कोर ग्रुप का अनुमोदन मिलने पर तीनों के नाम अंतिम फैसले के लिए संसदीय बोर्ड को भेजे जाएंगे।
भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि विधायक दल में दो प्रस्ताव भी पारित हुए। एक प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को दूसरी बार केंद्रीय मंत्री बनने पर बधाई दी गई। दूसरे प्रस्ताव में लोकसभा चुनाव में जिस प्रकार से भाजपा ने 61 विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज की है, उसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया गया।
इस बैठक में लोकसभा चुनाव 2024 और छह विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की समीक्षा भी की गई और आने वाले तीन उपचुनाव की रणनीति भी तय की। रणधीर ने कहा कि चुनाव और उपचुनाव से बहुमत स्पष्ट है और भाजपा के पक्ष में है। मुख्यमंत्री सुक्खू को मान लेना चाहिए कि कांग्रेस सरकार अल्पमत में है। बैठक में बिक्रम ठाकुर, विपिन परमार, राकेश जमवाल, दिलीप ठाकुर, लोकेंद्र सिंह, सुरेंद्र शौरी, पूर्ण चंद, इंद्रसिंह गांधी, सतपाल सिंह सत्ती, रीना कश्यप, विनोद कुमार, जनक राज, दीप राज, सुखराम चौधरी और महामंत्री बिहारी लाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
तीनों के नाम पर मुहर लगी तो अपनों को मनाना होगी भाजपा की चुनौती
तीनों पूर्व निर्दलियों विधायकों के नामों पर टिकट के लिए मुहर लगी तो अपनों को मनाना भाजपा के लिए चुनौती होगी। देहरा से भाजपा नेता पूर्व मंत्री रमेश धवाला, हमीरपुर में पूर्व विधायक नरेंद्र ठाकुर और नालागढ़ में लखविंद्र राणा को मनाकर ही भाजपा यहां उपचुनाव की पहली चुनौती पार कर पाएगी। इससे पहले हुए छह विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव में भी भाजपा को चार सीटों पर हार झेलनी पड़ी है।
