Himachal PradeshKangra

कांगड़ा एयरपोर्ट के चारों ओर बनेगा सर्कुलर रोड, गांवों को आपस में जोडऩे की योजना को मंजूरी

Spread the love

संवाददाता विनोद ठाकुर ट्राइबल टुडे — धर्मशाला

विस्तारीकरण की जद में आने वाले गांवों को आपस में जोडऩे की योजना को मंजूरी

प्रदेश की सबसे बड़ी एवं महत्त्वाकांक्षी परियोजना कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के कार्य को गति देने के काम में एक कदम और आगे बढ़ाया गया है। कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण की जद में आने वाले एक दर्जन से अधिक गांवों को आपस में जोडऩे के लिए सर्कुलर रोड़ बनाया जाएगा। यह रोड़ हवाई अड्डे के बाहर चारों ओर से निकाला जाएगा। इन सभी गांवों को आपस में जोडऩे वाले इस सडक़ मार्ग के लिए आने वाली भूमि संबंधि कार्य को शुरू करने की सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से सर्कुलर रोड के लिए भू-अधिग्रहण संबंधी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। कांगड़ा एयरपोर्ट की मौजूदा हवाई पट्टी 1370 मीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी है। अब रन-वे को 3110 मीटर करने का प्रस्ताव है।
इसकी जद में आने वाले एक दर्जन भर से अधिक गावों को आपस मेें जोडऩे और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को अपनी भूमि सहित अन्य कार्यों के लिए हवाई अड्डे के चौतरफा सर्कुलर रोड बनाया जाएगा। इस रोड की कुल लंबाई आठ किलोमीटर होगी तथा चौड़ाई 12 मीटर होगी। इसके लिए प्रदेश सरकार अलग से भू-संबंधी प्रक्रिया पूरी करेगी, जिससे पूरा प्लान नए सिरे से तैयार किया जाएगा। सर्कुलर रोड के दो फायदे होंगे। पहला यह कि इससे एयरपोर्ट के हर हिस्से को स्पेशल कवर मिलने के साथ कनेक्टिविटी के ऑप्शन बढ़ेंगे। दूसरा बड़ा फायदा यह होगा कि एयरपोर्ट से प्रभावित होने वाले सभी गांवों को इसी सडक़ के जरिए कनेक्ट किया जा सकेगा।
लैंड लॉक होने की लोगों ने की थी शिकायत
एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए भू-अधिग्रहण के दौरान कई लोगों ने शिकायत की थी कि एयरपोर्ट के पास होने के चलते कई लोगों की लैंड लॉक हो जाएगी। यही कारण है कि सर्कुलर रोड के प्लान को सिरे चढ़़ाया जा रहा है। अब प्रदेश सरकार की ओके के बाद भूमि संबंधी प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है।