टेट के दो हजार फॉर्म रद्द, 22 से परीक्षाएं
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अधूरी जानकारी-फीस जमा न करवाने पर लिया एक्शन
संवाददाता संदीप भारद्वाज ट्राइबल टुडे ,— धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जुलाई में होने वाली आठ विषयों पर टीजीटी अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) के दो हजार से अधिक फॉर्म अधूरे भरने के कारण रद्द कर दिए हैं। हिमाचल प्रदेश में 22 जून से टीजीटी आट्र्स, मेडिकल, नॉन मेडिकल, जेबीटी, भाषा, शिक्षक, शास्त्री व पंजाबी और उर्दू की परीक्षा का आयोजन किया जाना है, जो 13 जुलाई तक चलेंगी। बोर्ड की ओर से टेट की परीक्षा से चार दिन पहले एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। टेट परीक्षा के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रदेशभर से तीन जून तक आवेदन आमंत्रित किए थे। इस दौरान बोर्ड को 44015 आवेदन पत्र प्राप्त हुए।
इनमें से कुल 41675 आवेदकों ने परीक्षा शुल्क जमा करवा दिया है, लेकिन बाकी बचे अन्य 2340 आवेदकों ने परीक्षा शुल्क जमा नहीं करवाया है, जिन्हें बोर्ड की ओर से रद्द कर दिया गया है। रद्द हुए आवेदन पत्रों की जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है। इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों ने निर्धरित तिथि के दौरान फीस जमा करवा दी है, लेकिन उनका नाम भी सूची में अंकित हो रहा है। वह अभ्यर्थी 15 जून तक बोर्ड कार्यालय में अपने फीस संंबंधित दस्तावेजों को कार्यालय में जमा करवाकर अपना अनुक्रमांक लेने के पात्र होंगे। इसके बाद कोई भी संशोधन नहीं किया जाएगा। इसके अलावा अन्य जानकारी के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर और बोर्ड कार्यालय के दूरभाष नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। खबर की पुष्टि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डा. मेजर विशाल शर्मा ने की है।
कुछ ऐसा रहेगा एग्जाम शेड्यूल
जेबीटी टेट 22 जून को सुबह के सत्र 10 से 12:30 मिनट तक, शास्त्री टेट शाम के सत्र दो से साढ़े चार बजे तक होगा। 23 जून को सुबह के सत्र में टीजीटी नॉन मेडिकल और शाम के सत्र में भाषा अध्यापक पात्रता परीक्षा होगी। इसके बाद दो जुलाई को सुबह के सत्र में पंजाबी और शाम के सत्र में उर्दू का टेट होगा, वहीं री शेडयूल किया गया 30 जून का टीजीटी आर्टस और मेडिकल का टेट 13 जुलाई को सुबह और शाम के सत्र में होगा।
